menu-icon
India Daily

PM मोदी की रैली का गजब क्रेज! 1 घंटे में फुल हुए सारे फ्री टिकट, वेटिंग में 42 हजार लोग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वडोदरा जनसभा को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह दिखा. पहली बार ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से मुफ्त टिकट बुक किए गए और करीब एक घंटे में सभी टिकट खत्म हो गए, जबकि 42 हजार लोग प्रतीक्षा सूची में हैं.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
PM मोदी की रैली का गजब क्रेज! 1 घंटे में फुल हुए सारे फ्री टिकट, वेटिंग में 42 हजार लोग
Courtesy: @narendramodi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को वडोदरा में एक बड़े कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां करीब 35 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा. कार्यक्रम के लिए पहली बार निजी डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए मुफ्त ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया गया. टिकट बुकिंग शुरू होते ही लोगों की भारी प्रतिक्रिया सामने आई.

एक घंटे में बुक हुए सारे टिकट

वडोदरा महानगर पालिका ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में लोगों की भागीदारी के लिए इस बार पारंपरिक व्यवस्था से अलग डिजिटल तरीका अपनाया. 'बुक माई शो' के माध्यम से मुफ्त टिकट उपलब्ध कराए गए. बुकिंग शुरू होने के बाद लोगों ने इतनी तेजी से रजिस्ट्रेशन किया कि करीब एक घंटे के भीतर सभी टिकट बुक हो गए. आयोजन के लिए तय क्षमता के मुकाबले मांग कहीं ज्यादा रही. यही वजह है कि करीब 42 हजार आवेदकों को फिलहाल प्रतीक्षा सूची में रखा गया है.

QR कोड से होगी कार्यक्रम स्थल पर एंट्री

इस बार प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की पूरी व्यवस्था डिजिटल तरीके से संचालित की जा रही है. ऑनलाइन पंजीकरण के बाद प्रत्येक व्यक्ति को टिकट के साथ एक क्यूआर कोड दिया गया है. कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के समय इसी कोड के जरिए पहचान और टिकट का सत्यापन किया जाएगा. अधिकारियों के मुताबिक डिजिटल व्यवस्था से भीड़ प्रबंधन और प्रवेश प्रक्रिया को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी. पहली बार निजी डिजिटल प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल ने इस आयोजन को लेकर भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ाई है.

35 हजार करोड़ के विकास कार्यों पर रहेगी नजर

प्रधानमंत्री मोदी वडोदरा में करीब 35 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. गुजरात बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. अनिल पटेल के मुताबिक एमएस यूनिवर्सिटी स्टेडियम की क्षमता लगभग 8 से 9 हजार लोगों की है. कार्यक्रम में प्रधानमंत्री रैंप पर चलकर युवाओं से संवाद करेंगे. इसके अलावा डॉक्टरों, इंजीनियरों, वकीलों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और कारोबारियों से भी बातचीत का कार्यक्रम है.

Gen-Z को जोड़ने की भी कोशिश

कार्यक्रम की योजना में युवा वर्ग, खासकर Gen-Z को जोड़ने पर भी जोर दिया गया है. बीजेपी नेताओं का मानना है कि प्रधानमंत्री की युवाओं के साथ सीधी बातचीत इस वर्ग तक पहुंच बनाने का एक माध्यम होगी. इससे पहले 2013 में हैदराबाद में मोदी के एक कार्यक्रम के लिए पांच रुपये का टिकट रखा गया था. उस आयोजन से जुटाई गई राशि उत्तराखंड में आई बाढ़ के पीड़ितों की मदद के लिए दी गई थी. वडोदरा के इस कार्यक्रम में मुफ्त ऑनलाइन टिकट व्यवस्था और कुछ ही समय में उनका खत्म होना प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर लोगों की रुचि को दिखाता है.