menu-icon
India Daily

क्या देश में फिर से लगेगा लॉकडाउन? पीएम मोदी की दो दिनों में दो लगातार अपील के बाद क्या बोले पेट्रोलियम मंत्री

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने देश में लॉकडाउन लगाने से संबंधित ख़बरों पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और स्वदेशी अपनाने की अपील आर्थिक सतर्कता के लिए थी, डर फैलाने के लिए नहीं.

KanhaiyaaZee
क्या देश में फिर से लगेगा लॉकडाउन? पीएम मोदी की दो दिनों में दो लगातार अपील के बाद क्या बोले पेट्रोलियम मंत्री
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: पीएम मोदी ने हाल ही में बीते दो दिनों में दो बार अलग-अलग मंचों से लोगों से सोना न खरीदने, विदेश यात्रा न करने, पेट्रोल-डीजल की बचत करने व वर्क फ्रॉम होम कल्चर को बढ़ावा देने की अपील की थी. जिसके बाद से ये कयास लगाए जा रहे हैं कि मिडिल ईस्ट में जारी संकट के बीच क्या फिर से देश में लॉकडाउन लग सकता है. इन्ही कयासों पर अब केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने स्थिति स्पष्ट की है.

हरदीप सिंह पुरी ने स्पष्ट किया कि फिलहाल देश में लॉकडाउन लगाने की कोई योजना नहीं है. CII वार्षिक बिजनेस समिट 2026 को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री की अपील का उद्देश्य डर पैदा करना नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को बाहरी झटकों से बचाने के लिए जागरूक करना है. उन्होंने कहा कि सरकार ने युद्ध के हालातों को देखते हुए कई सुरक्षात्मक कदम उठाए हैं. रसोई गैस को लेकर भी उन्होंने स्थिति स्पष्ट की और कहा कि उत्पादन 35,000 टन प्रतिदिन से बढ़ाकर 54,000 टन कर दिया है, जिससे लोगों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होगी.

मिडिल ईस्ट क्राइसिस ने बिगाड़ा तेल का खेल!

गौरतलब है कि मिडिल में जारी संकट के कारण तेल सप्लाई चेन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है. होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही काफी हद तक सिमित हो गई है, जिससे भारत सहित कई अन्य देशों में तेल संकट गहरा गया है. पाकिस्तान में जारी तेल संकट के बीच पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कई गुना वृद्धि की गई है. हालांकि भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है, लेकिन आने वाले दिनों में स्थिति गंभीर होने के भी आसार हैं. 

पीएम मोदी ने क्या अपील की?

प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में लोगों से 'स्वदेशी' अपनाने और विदेशी मुद्रा भण्डार को बचाने के लिए सरकार का सहयोग करने की अपील की थी. उन्होंने लोगों से ईंधन की बचत का आह्वान किया था, जिससे विदेशी मुद्रा भण्डार को बचाया जा सके. पीएम ने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के लिए मेट्रो, कारपूलिंग और ज्यादा से ज्यादा इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) का इस्तेमाल करने की भी अपील देशवासियों से की है. उन्होंने लोगों से एक साल तक सोना न खरीदने की भी अपील की है.