प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानी महीने के आखिरी रविवार को एक बार फिर से अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 134वें एपिसोड में देश की जनता को संबोधित किया.
इस दौरान उन्होंने कई विषयों पर बात की. इसके अलावा कई लोगों का नाम भी लिया. उनके इस कार्यक्रम से जुड़ी कुछ प्रमुख बातों के बारे में आज हम यहां चर्चा करेंगे.
मन की बात कार्यक्रम में क्या बोले पीएम मोदी
- पीएम मोदी ने देश की जनता को उन लोगों से सीख लेने की अपील की जिन्होंने समाज के लिए अच्छा काम किया है. प्रधानमंत्री ने कहा कि नागरिकों को सामाजिक कार्य करने वालों की सराहना और समर्थन करनी चाहिए. उन्होंने जनता से कहा कि आप सब उन लोगों को पहचानें, जिन्होंने समाज के लिए अच्छा काम किया है.
- प्रधानमंत्री ने अपने कार्यक्रम के दौरान आम उत्पादकों के बारे में भी बात की. उन्होंने कहा कि भारत में अलग-अलग तरह के आम की खेती की जाती है. महाराष्ट्र में हापुस और अल्फोंसो, गुजरात में केसर, उत्तर प्रदेश में दशहरी और मेरे काशी में लंगड़ा आम का उत्पादन होता है. अब यह आम गांव से निकलकर वैश्विक बाजारों तक पहुंच रहा है. उन्होंने आम उत्पादकों की तारीफ करते हुए कहा कि देश की कृषि अर्थव्यवस्था के लिए, आप कोई साधारण किसान नहीं, बल्कि एक विशेष किसान हैं.
- देश में पड़ रही भीषण गर्मी पर भी प्रधानमंत्री ने बात की. उन्होंने लू के दौरान लोगों से सावधानी बरतने की अपील की. उन्होंने कहा कि अभी देश के ज्यादातर हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में हैं. इस मौसम में अपना ख्याल रखना बहुत जरूरी है. इसलिए लगातार पानी पीते रहें और धूप में बाहर निकलते समय सावधानी बरतें. इस दौरान अपने पारंपरिक पेय को पिएं. जैसे कि उत्तरी भारत में आम पन्ना, पंजाब-हरियाणा में लस्सी, गुजरात में छाछ, बिहार, झारखंड और यूपी में सत्तू तथा कोंकण और गोवा का कोकम शरबत काफी कारगर है.
- पीएम मोदी ने इस दौरान पानी बचाने की कोशिश करने वालों की तारीफ की, उन्होंने कहा कि नदी, तालाब या कुएं को बचाना और उसे फिर से नया बनाना मुझे एक खास तरह की खुशी और संतोष देता है. उन्होंने इस काम को करने वाले समुदायों की भी तारीफ की.
- पीएम मोदी ने भारत के उभरते एथलीटों का भी जिक्र करते हुए बधाई दी. उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले, झारखंड के रांची में राष्ट्रीय सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता हुई थी. इस दौरान, 4 अलग-अलग इवेंट्स में 4 राष्ट्रीय रिकॉर्ड टूटे. इसके लिए मैं गुरिंदरवीर सिंह, विशाल टीके, तेजस्विन शंकर, देव मीना और कुलदीप कुमार को पूरे दिल से बधाई देता हूं.
- आज के इस खास कार्यक्रम में पीएम मोदी ने अपने नीदरलैंड दौरे का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि कुछ दिनों पहले मुझे यूरोप के नीदरलैंड जाने का मौका मिला. इस दौरान मैं कई बैठकों का हिस्सा बना. एक कार्यक्रम के दौरान चोला काल की प्राचीन ताम्र पट्टिकाएं भारत को वापस सौंपी गईं. यह भारत के लिए गर्व की बात है.