नई दिल्ली: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार को दो दिवसीय सरकारी दौरे पर भारत पहुंचे. प्रधानमंत्री बनने के बाद उनका यह पहला भारत दौरा है. सोमवार को उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से होने वाली है. इस बैठक को दोनों देशों के रिश्तों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है. बातचीत में बिजली, हाइड्रोपावर, व्यापार, रेल कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे मुद्दों पर खास ध्यान दिया जा सकता है.
दोनों नेताओं की बैठक से भारत और नेपाल के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने की नई दिशा मिलने की उम्मीद है. माना जा रहा है कि इस दौरान कई अहम समझौतों और भविष्य की परियोजनाओं पर चर्चा होगी. बैठक के बाद बालेन शाह नेपाल में कुछ विकास परियोजनाओं का ऑनलाइन उद्घाटन भी कर सकते हैं.
भारत और नेपाल दोनों की प्राथमिकताएं काफी हद तक एक जैसी हैं. दोनों देश आर्थिक विकास, रोजगार, बुनियादी सुविधाओं, तकनीक और सामाजिक सुधारों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा प्राकृतिक आपदाओं और जलवायु परिवर्तन से होने वाले नुकसान को कम करना भी दोनों के लिए बड़ी चुनौती है. इस दौरे के दौरान दोनों देश व्यापार बढ़ाने, निवेश को प्रोत्साहित करने और विकास परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के तरीकों पर विचार कर सकते हैं.
भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा सहयोग लंबे समय से रिश्तों का अहम हिस्सा रहा है. नेपाल में जलविद्युत उत्पादन की काफी संभावनाएं हैं, जबकि भारत बिजली की बड़ी जरूरत वाला देश है. ऐसे में दोनों देशों के बीच बिजली खरीद-बिक्री से आर्थिक लाभ के अवसर बढ़ रहे हैं.
नेपाल ने वित्त वर्ष 2025-26 में भारत को बिजली बेचकर करीब 1,800 करोड़ नेपाली रुपये की कमाई की है. भविष्य में ऊर्जा कारोबार बढ़ने से नेपाल की अर्थव्यवस्था को फायदा हो सकता है और भारत को भी स्वच्छ ऊर्जा प्राप्त करने में मदद मिल सकती है.
बैठक में रक्सौल से काठमांडू के बीच प्रस्तावित रेल परियोजना पर भी चर्चा होने की संभावना है. इस रेल मार्ग से यात्रियों के साथ माल ढुलाई को भी आसान बनाया जा सकेगा. इसके अलावा अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच ट्रेन सेवा शुरू करने की योजना दोनों देशों के धार्मिक और पर्यटन संबंधों को मजबूत कर सकती है.
हवाई मार्गों के इस्तेमाल, भारतीय एयरस्पेस से नेपाल जाने वाले विमानों के रूट और सिलिगुड़ी-चारआली पेट्रोलियम पाइपलाइन जैसे मुद्दे भी बातचीत का हिस्सा हो सकते हैं.
भारत नेपाल का सबसे बड़ा ट्रेडिंग पार्टनर है. नेपाल के विदेशी निवेश और निर्यात कारोबार में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका है. नेपाल के सामानों को भारतीय बाजार में कई सुविधाएं मिलती हैं. दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश बढ़ने से उद्योग, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को गति मिल सकती है.
भारत और नेपाल के बीच लिपुलेख, लिम्पियाधुरा और कालापानी को लेकर लंबे समय से विवाद है. नेपाल इन क्षेत्रों पर अपना दावा करता है, जबकि भारत इन्हें उत्तराखंड का हिस्सा मानता है. हालांकि दोनों देशों के बीच सीमा से जुड़े मामलों को बातचीत के जरिए सुलझाने की व्यवस्था मौजूद है. इस मुद्दे पर भी प्रधानमंत्री स्तर की बातचीत में चर्चा होने की संभावना है.