menu-icon
India Daily

भारत के 36 में से 4 राफेल विमान गायब! रिपोर्ट पर मचा बवाल; IAF वाइस-चीफ ने दी सफाई

रिपोर्ट में भारतीय वायुसेना के सक्रिय राफेल विमानों की संख्या 36 के बजाय 32 बताई गई है. पूर्व वायुसेना उप प्रमुख एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी ने इस रिपोर्ट को गलत बताते हुए इसके स्रोतों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए हैं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
भारत के 36 में से 4 राफेल विमान गायब! रिपोर्ट पर मचा बवाल; IAF वाइस-चीफ ने दी सफाई
Courtesy: Pinterest

भारतीय वायुसेना के राफेल लड़ाकू विमानों को लेकर एक नई रिपोर्ट ने रक्षा क्षेत्र में हलचल मचा दी है. ब्रिटिश एविएशन मैगजीन FlightGlobal की रिपोर्ट में भारतीय वायुसेना के पास सक्रिय राफेल विमानों की संख्या 36 के बजाय 32 बताई गई है. यानी रिपोर्ट के मुताबिक भारत के चार राफेल विमान कम हो गए हैं. 

हालांकि, वायुसेना के पूर्व उप प्रमुख एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी (रिटायर्ड) ने इस दावे को पूरी तरह गलत बताया है. उन्होंने रिपोर्ट के स्रोतों की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाए हैं.

रिपोर्ट में 32 राफेल विमान सक्रिय होने का दावा

भारत ने फ्रांस से कुल 36 राफेल लड़ाकू विमान खरीदे थे. इनमें 28 सिंगल सीटर और 8 ट्विन सीटर विमान शामिल हैं. लेकिन FlightGlobal की ताजा World Air Forces Directory में भारतीय वायुसेना के पास सक्रिय राफेल विमानों की संख्या 32 बताई गई है. रिपोर्ट में राफेल DH/EH विमानों को कॉम्बैट एयरक्राफ्ट की श्रेणी में रखा गया है.

हालांकि, मैगजीन ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि चार विमानों की संख्या कम क्यों दिखाई गई है. रिपोर्ट में इसके समर्थन में कोई ठोस सबूत भी नहीं दिया गया है. इससे पहले पिछले साल की रिपोर्ट में भी 35 सक्रिय राफेल विमानों का उल्लेख किया गया था.

पूर्व वायुसेना उप प्रमुख ने रिपोर्ट को बताया गलत

एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस रिपोर्ट को खारिज करते हुए FlightGlobal से अपने स्रोतों की दोबारा जांच करने को कहा है. उन्होंने कहा कि जिन स्रोतों के आधार पर राफेल विमानों के नुकसान की खबरें दी गई थीं, उन्हीं स्रोतों ने पहले भी गलत जानकारियां फैलाई थीं.

उनके मुताबिक, पाकिस्तान के साथ पिछले साल हुए संघर्ष के दौरान कुछ राफेल विमानों के विशिष्ट टेल नंबर बताकर उनके गिराए जाने का दावा किया गया था. लेकिन बाद में उन्हीं टेल नंबर वाले विमान विभिन्न सैन्य अभ्यासों और अंतरराष्ट्रीय अभ्यासों में उड़ान भरते दिखाई दिए.

शिवांगी सिंह को लेकर भी फैलाई गई थी गलत खबर

एयर मार्शल तिवारी ने भारतीय वायुसेना की पहली महिला राफेल पायलट स्क्वाड्रन लीडर शिवांगी सिंह का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि संघर्ष के दौरान पाकिस्तानी सोशल मीडिया अकाउंट्स ने उनके पकड़े जाने और उनके विमान को मार गिराए जाने की झूठी खबरें फैलाई थीं.

हालांकि, बाद में शिवांगी सिंह हरियाणा के अंबाला एयरबेस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ नजर आई थीं. इस घटना का जिक्र करते हुए एयर मार्शल तिवारी ने कहा कि पहले भी ऐसे दावे गलत साबित हो चुके हैं.

कौन है राफेल विमानों की संख्या कम बताने वाला स्रोत?

रिपोर्ट में राफेल विमानों की संख्या 32 बताने के पीछे इस्तेमाल किए गए स्रोत को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. एक्स पर TheLegateIN नाम के एक अकाउंट ने दावा किया कि FlightGlobal की रिपोर्ट मुख्य रूप से पाकिस्तान समर्थक माने जाने वाले एविएशन लेखक एलन वॉर्न्स की रिपोर्टिंग पर आधारित है.

दिए गए विवरण के अनुसार, पिछले साल भी एलन वॉर्न्स ने दावा किया था कि पाकिस्तान ने संघर्ष के दौरान चार राफेल विमान गिराए थे. इनमें BS-001, BS-021, BS-022 और BS-027 टेल नंबर वाले विमान शामिल बताए गए थे. हालांकि, इन दावों पर भी सवाल उठे. BS-022 राफेल विमान 2026 की गणतंत्र दिवस परेड के फ्लाईपास्ट में शामिल हुआ था.

IAF के टेंडर से भी उठे रिपोर्ट पर सवाल

राफेल विमानों की संख्या को लेकर किए गए दावों के बीच भारतीय वायुसेना का एक टेंडर भी चर्चा में है. इस साल जून में वायुसेना ने अपने सभी 36 राफेल विमानों के लिए ब्रिज सपोर्ट की मांग की थी. ब्रिज सपोर्ट का मतलब लड़ाकू विमानों के तकनीकी रखरखाव और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी अस्थायी सहायता व्यवस्था है. इस टेंडर को उन दावों पर सवाल उठाने वाले तथ्यों में शामिल किया जा रहा है, जिनमें चार राफेल विमानों को नष्ट किए जाने की बात कही गई थी.