एक दिन पहले एक महिला ने दावा किया था कि जिंदल स्टील कंपनी के कार्यकारी ने उसे अपने मोबाइल फोन में ब्लू फिल्म दिखाई थी और फिर उसे गंदे तरीके से छूने की कोशिश की थी. अब कंपनी ने इस पर सफाई दी है. कंपनी ने कहा है कि आरोपी शख्स लंबे समय से किसी भी तरीके से कंपनी से जुड़ा हुआ नहीं है. जिंदल स्टील ने बीएसई और एनएसई को इस बाबत चिट्ठी लिखी है.
क्या बोली कंपनी
जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंच और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज को लिखी अपनी चिट्ठी में कहा, 'हम आपको यह जानकारी देना चाहते हैं कि मिस्टर दिनेश कुमार सरावगी ने 28 मार्च 2023 को ही कंपनी के डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया था और वह लंबे समय से किसी भी तरीके से कंपनी से जुड़े हुए नहीं हैं.'
वल्कन ग्रीन स्टील कंपनी का सीईओ है आरोपी
सरावगी वर्तामान में ओमान आधारित वल्कन ग्रीन स्टील कंपनी के सीईओ हैं. सूत्रों से पता चला है कि वल्कन ग्रीन स्टील कंपनी ने इस मामले में एक जांच कमेटी गठित की है और सरावगी को छुट्टी पर भेज दिया है.
क्या था सरावगी पर आरोप
मासिक धर्म अधिकारों के लिए काम करने वाले एनजीओ पेंट इट रेड की संस्थापक अनन्या छौछरिया ने दिनेश कुमार सरावगी पर आरोप लगाया था कि कोलकाता से आबू धाबी जाने वाली फ्लाइट में यात्रा के दौरान सरावगी ने उन्हें अपने फोन में एडल्ट फिल्म दिखाने की कोशिश की थी और उन्हें छूने की कोशिश की थी. उन्होंने इसको लेकर जिंदल स्टील के प्रमोटर और बीजेपी सांसद नवीन जिंदल से ट्वीट कर शिकायत भी की थी. नवीन जिंदल ने उन्हें इस पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया था.
महिला ने लगाए थे ब्लू फिल्म दिखाने के आरोप
महिला ने आरोप लगाया था कि फ्लाइट में यात्रा के दौरान मैं सरवागी के बगल में बैठी थी तभी सरवागी ने मुझसे कहा- क्या तुम्हें फिल्में देखना पसंद है? इस पर मैंने हां कह दिया. इसके बाद उन्होंने मुझे अपने फोन में कुछ क्लिप्स दिखाईं, जो कि गंदी फिल्म थीं. महिला ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने उन्हें छूने की भी कोशिश की थी.