menu-icon
India Daily

होली पर रंग लगने से दादी को आया गुस्सा, अपने ही 4 साल के पोते पर डाल दिया खौलता पानी

होली पर एक 4 साल के बच्चे से गलती से उसकी दादी पर रंग गिर गया. उसकी दादी ने बच्चे पर खौलता पानी डाल दिया. यहां जानें पूरा मामला.

Shilpa Shrivastava
होली पर रंग लगने से दादी को आया गुस्सा, अपने ही 4 साल के पोते पर डाल दिया खौलता पानी
Courtesy: Grok AI

नागपुर: बुरा न मानो होली है…! ये तो आपने हर होली पर सुना होगा. आमतौर पर होली के दौरान लोग ये इसलिए बोलते हैं, जिससे अगर आप किसी पर रंग या पानी फेकें, तो वो बुरा न मानें. वैसे तो इस दिन एक-दूसरे पर रंग पानी फेंकते हैं और कोई बुरा नहीं मानता है, लेकिन जरा सोचिए, कि अगर कोई इस बात का बुरा मान जाए तो… ऐसा हो सकात है और हुआ भी है. होली पर महाराष्ट्र के नागपुर जिले में जश्न उस समय परेशानी का सबब बन गया, जब एक बुजुर्ग महिला ने अपने ही पोते पर उबलता पानी फेंक दिया.

बता दें कि नागपुर में एक चार साल के बच्चे पर उसकी दादी ने कथित तौर पर उबलता पानी फेंक दिया, जिससे वह बुरी तरह जल गया. बताया जा रहा है कि यह बच्चा 45% तक जल चुका है और इसका इलाज चल रहा है. यह घटना 3 मार्च को कोराडी इलाके, खासकर आरामशीन इलाके के वार्ड नंबर 2 की है. पुलिस ने बताया कि यह घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.

स्प्रे पेंट से खेल रहा था बच्चा:

इस मामले की जांच करने वालों के अनुसार, बच्चे का नाम ओम हरीश वांगे हैं. वह अपने घर के बाहर पेंट वाली स्प्रे बोतल से खेल रहा था. खेलते समय गलती से कुछ पेंट गलती से उसकी दादी पर गिर गया. इसकी दादी का नाम सिंधु ठाकरे है. बच्चे की दादी उस समय होली की लकड़ी पर गर्म पानी की बाल्टी लेकर जा रही थी. महिला पर पेंट गिरते ही उसे गुस्सा आ गया और उसने बिना कुछ सोचे-समझे गर्म पानी बच्चे पर डाल दिया.

पुलिस ने कहा कि महिला ने गुस्से में आकर कथित तौर पर उबलते पानी की बाल्टी बच्चे पर खाली कर दी. लड़के की कमर के नीचे काफी जलन हुई. सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, महिला ने एक और बाल्टी पानी बच्चे पर डाला, जो कि ठंडा बताया जा रहा है. बच्चे को तुरंत इलाज के लिए नागपुर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया. डॉक्टरों ने उसकी चोटों का अंदाजा लगाया कि वह लगभग 45 परसेंट जल गया है. अधिकारियों ने कहा कि इस घटना के संबंध में महिला के खिलाफ केस दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.