menu-icon
India Daily

मुंबई के दुर्गाड़ी किले में बकरीद पर बवाल, मंदिर में प्रवेश रोकने पर शिवसेना-हिंदू संगठनों का प्रदर्शन

मुंबई के कल्याण स्थित दुर्गाड़ी किले में बकरीद के मौके पर मंदिर में प्रवेश रोकने को लेकर विवाद हो गया. शिवसेना और हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया, जबकि मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया.

Dhiraj Kumar Dhillon
मुंबई के दुर्गाड़ी किले में बकरीद पर बवाल, मंदिर में प्रवेश रोकने पर शिवसेना-हिंदू संगठनों का प्रदर्शन
Courtesy: Google

मुंबई के कल्याण इलाके स्थित दुर्गाड़ी किले में बकरीद के मौके पर बड़ा बवाल हो गया. दरअसल इस किले में ईदगाह और मंदिर दोनों हैं, बेशक कभी यह बात आपसी सौहार्द की बानगी पेश करने के लिए बनाई गई होगी. बताया जाता है कि ईद के मौके पर हर साल मंदिर को बंद कर दिया जाता है, इस बार भी प्रशासन ने वहीं किया, लेकिन गुरुवार को बकरीद के मौके पर मंदिर में प्रवेश रोके जाने से बवाल हो गया.

मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. मौके से भाजपा के नगर सेवक महेश पाटिल को हिरासत में लिया गया है. उन्होंने हिंदूओं को मंदिर में प्रवेश न दिए जाने पर हनुमान चालीसा पाठ का ऐलान किया है.

जानिए बकरीद पर क्या हुआ?

दुर्गाड़ी किले में गुरुवार को जब बकरीद की नमाज पढ़ी जा रही थी, तो प्रशासन ने किले में स्थित दुर्गा देवी मंदिर में हमेशा की तरह हिंदुओं के प्रवेश पर अस्थाई रोक लगा दी. प्रशासन के इस एक्शन पर शिवसेना और हिंदू संगठनों के लोग आपा खो बैठे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. स्थिति बिगड़ती देख किले की सुरक्षा में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. 

40 साल से हो रहा है विरोध

एडीसीपी संजय जाधव ने बताया कि दुर्गाड़ी किले में 30 से 40 वर्षों से हर साल विरोध प्रदर्शन होता आ रहा है, प्रशासन को इस बात का आभास था और इसीलिए पहले ही सभी सुरक्षा इंतजाम कर लिए गए हैं. पुलिस का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद है, ऐसी व्यवस्था बनाई गई है कि विरोध प्रदर्शन से ईद की नमाज में कोई बाधा उत्पन्न न होने पाए.

शिवसैनिकों ने महाआरती की

मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि दुर्गाड़ी किले में शिवसेना (यूबीटी) के नेता विजय साल्वी विरोध प्रदर्शन करने वालों का नेतृत्व कर रहे थे, उनकी अगुवाई में देर्गा देवी मंदिर में महा आरती भी की गई. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपने हाथों में पार्टी के झंडे भी लिए हुए थे. बताया गया है शिवसेना के दूसरे गुट ने भी किले में पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया.