menu-icon
India Daily

देश में मानसून का कहर, 15 राज्यों में भारी बारिश-तूफान का अलर्ट; 90 की स्पीड से चलेगी हवा

देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. भारतीय मौसम विभाग ने 9 जून को उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 15 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
देश में मानसून का कहर, 15 राज्यों में भारी बारिश-तूफान का अलर्ट; 90 की स्पीड से चलेगी हवा
Courtesy: ANI

देश के कई हिस्सों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारीकी गई है. इस दौरान हवा की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे बड़े वृक्ष उखड़ने, फसलों को नुकसान और बिजली गिरने की आशंका है. 

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तरी हरियाणा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के आसपास निचले इलाकों में दो चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं, जो इन राज्यों में भारी बारिश और तूफान का प्रमुख कारण बन रहे हैं.

इन राज्यों में मौसम का हाल

दिल्ली-एनसीआर में 9 से 11 जून तक भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी है. 70-75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. बारिश के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका है. उत्तर प्रदेश में 9 से 14 जून तक कई जिलों में भारी बारिश और 80-85 किमी प्रति घंटे की आंधी चलने की चेतावनी है. लखनऊ में 9 जून को अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री रहेगा.

किसानों को फसलों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना चाहिए. बिहार में 9-10 जून को पटना, गया, भागलपुर, पूर्णिया समेत अधिकांश जिलों में भारी बारिश और आंधी का खतरा है. पटना में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री रहेगा. झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो में 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चल सकता है. उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार और पिथौरागढ़ में भारी बारिश के साथ 60-65 किमी प्रति घंटे की आंधी चलने की चेतावनी है. हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और चंबा में भी अलर्ट जारी किया गया है. जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में 9 से 14 जून तक बारिश और तूफान का दौर जारी रह सकता है.

तेज हवाएं बढ़ाएगी मुसीबत

पश्चिम बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, मुर्शिदाबाद आदि क्षेत्रों में 70-75 किमी प्रति घंटे की हवा के साथ भारी बारिश होने की संभावना है. राजस्थान के जयपुर, उदयपुर, अजमेर में तेज आंधी चल सकती है. मध्य प्रदेश, असम, केरल और तमिलनाडु के कई जिलों में भी भारी बारिश का अलर्ट है. पंजाब के प्रमुख शहरों में 10-11 जून को बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है.