menu-icon
India Daily

'मोदी की गारंटी.. लौटानी पड़ेगी पाई-पाई..', कांग्रेस सांसद के ठिकाने से 200 करोड़ की बरामदगी पर PM का बड़ा हमला

ओडिशा और झारखंड में टैक्स छापों के दौरान कांग्रेस सांसद से जुड़े कई ठिकानों से करोड़ों रुपये की जब्ती को लेकर पीएम मोदी ने विपक्ष पर करारा हमला बोला है.

Avinash Kumar Singh
'मोदी की गारंटी.. लौटानी पड़ेगी पाई-पाई..', कांग्रेस सांसद के ठिकाने से 200 करोड़ की बरामदगी पर PM का बड़ा हमला

हाइलाइट्स

  • PM मोदी का विपक्ष पर बड़ा हमला
  • 'मोदी की गारंटी.. लौटानी पड़ेगी पाई-पाई..'

नई दिल्ली: ओडिशा और झारखंड में टैक्स छापों के दौरान कांग्रेस सांसद से जुड़े कई ठिकानों से करोड़ों रुपये की जब्ती को लेकर पीएम मोदी ने विपक्ष पर करारा हमला बोला है. पीएम मोदी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि यह मोदी की गारंटी है कि लोगों से लूटा पैसा उन्हें हर  हाल में वापस करनी होगी. 

'मोदी की गारंटी.. लौटानी पड़ेगी पाई-पाई..',

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट पर पीएम मोदी ने लिखा "देशवासी इन नोटों के ढेर को देखें और फिर इनके नेताओं के ईमानदारी के भाषणों को सुनें. जनता से जो लूटा है, उसकी पाई-पाई लौटानी पड़ेगी, यह मोदी की गारंटी है"

'200 करोड़ से ज्यादा की नगदी बरामद...'

झारखंड से कांग्रेस सांसद धीरज प्रसाद साहू से जुड़े विभिन्न ठिकानों से आयकर विभाग ने 200 करोड़ रुपये नगदी बरामद की है. आईटी ने लगातार दो दिनों तक धीरज साहू के झारखंड और ओडिशा स्थित ठिकानों पर छापेमारी की. जब्त रुपयों की गिनती में बैंक कर्मियों के साथ 30 से ज्यादा अधिकारी लगाए गए हैं. नोटों को गिनने के लिए 8 से ज्यादा मशीनों का उपयोग किया गया. नोटों से भरे करीब 150 पैकेट अब तक बोलांगीर में भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में ले जाया गया. 

धीरज साहू के झारखंड और ओडिशा के कई ठिकानों पर छापेमारी जारी 

आयकर विभाग ने ओडिशा में बौद्ध डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े परिसरों पर छापेमारी की. बुद्धिस्ट डिस्टिलरी राज्यसभा सांसद धीरज साहू के परिवार की कंपनी है.आयकर विभाग ने ओडिशा के संबलपुर, बोलांगीर, टिटिलागढ़, बौध, सुंदरगढ़, राउरकेला और भुवनेश्वर वहीं झारखंड के रांची और लोहरदगा में छापेमारी को अंजाम दिया. धीरज साहू का परिवार शराब व्यवसाय से जुड़ा हुआ है. उनकी ओडिशा में शराब बनाने की कई फैक्ट्रियां हैं और उनका परिवार इस कारोबार को चलाता है.