Rewa Crime News: मध्य प्रदेश के रीवा से हैरान करने वाली खबर आई है. 14 साल के एक लड़के को पोर्न देखने की आदत पड़ गई. 24 अप्रैल की रात नाबालिग अपनी 9 साल की बहन के साथ घर के आंगन में सोया था, जबकि उसकी मां और दो बड़ी बहन घर के अंदर सो रही थीं. पुलिस के मुताबिक, वारदात वाले दिन नाबालिग आरोपी ने पहले पोर्न वीडियो देखा, फिर बगल में सो रही छोटी बहन का रेप किया. जब नाबालिग बच्ची ने मां को घटना की जानकारी देने की बात कही, तो आरोपी ने उसका गला घोंट दिया.
पुलिस के मुताबिक, करीब तीन महीने बाद घटना का खुलासा हो पाया. 25 अप्रैल को पुलिस को जानकारी दी गई कि जवा गांव में एक नाबालिग लड़की की रात को सोते वक्त मौत हो गई. पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और पड़ताल करने लगी. रिपोर्ट में नाबालिग के साथ रेप और गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई. पूरे मामले के खुलासे के लिए एसआईटी टीम बनाई गई. गांव के दर्जनों लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली. इस दौरान पुलिस भी मृत बच्ची के भाई, दोनों बहन और मां से पूछताछ करती रही.
पुलिस ने बताया कि मृत बच्ची के पिता सूरत में मजदूरी करते हैं, जबकि उसकी मां अपने तीन बच्चों (14 साल का नाबालिग आरोपी बेटा, 17 और 18 साल की दो बेटियां) के साथ जवा में रहती है. पुलिस के मुताबिक, जब मृत बच्ची की मां, दोनों बहनों और भाई से कई पूछताछ की गई तो उन्होंने हर बार अपना बयान बदला. पुलिस ने जब सख्ती की तो मृत बच्ची की मां ने पूरी सच्चाई बता दी. पुलिस को जो जानकारी मिली, वो हैरान करने वाली थी. पुलिस ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा शुक्रवार की रात को किया.
मृत बच्ची की मां ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि घटनावाले दिन यानी 24 जुलाई को नाबालिग बेटे ने नाबालिग बेटी की गला घोंटने के बाद उसके पास आया और बताया कि उसने पोर्न देखने के बाद बहन के साथ गंदा काम किया और फिर उसका गला घोंट दिया. मृत बच्ची की मां जब अपने नाबालिग बेटे के साथ आंगन में आई, तो बच्ची की सांसें चल रही थी. वो कुछ कर पाती, इसी बीच नाबालिग बेटे ने दोबारा मां के सामने ही अपनी बहन की दोबारा गला घोंटकर हत्या कर दी. इस दौरान मृत बच्ची की दोनों बहनें भी उठ गईं. मां ने ही दोनों को घटना की जानकारी दी और चुप रहने को कहा.
मृत बच्ची की मां ने बताया कि घटना के बाद उसे कुछ समझ नहीं आ रहा था. कुछ देर बाद उसने नाबालिग बेटे का बिस्तर घर के अंदर लगा दिया और सुबह पड़ोसियों को जानकारी दी कि आंगन में सो रही बेटी की मौत हो गई है. पुलिस की ओर से जब नाबालिग बच्ची के साथ रेप और गला दबाकर हत्या की जानकारी दी गई तो गांव के लोग आक्रोशित हो गए और इसके लिए जिम्मेदार आरोपी की धर पकड़ के लिए विरोध प्रदर्शन करने लगे. पुलिस के मुताबिक, सबकुछ जानते हुए भी मृत बच्ची की मां, दोनों बहन और आरोपी भाई विरोध प्रदर्शन में शामिल होते रहे.
रीवा के एसपी विवेक सिंह के मुताबिक, कबूलनामे के बाद मृत बच्ची की मां और एक बालिग बहन को जेल भेज दिया गया है, जबकि आरोपी नाबालिग भाई और एक नाबालिग बहन को बाल सुधार गृह भेजा गया है.