रायगढ़: महाराष्ट्र के रायगढ़ में अम्बेनाली घाट के पास दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां पर एक स्कॉर्पियो गहरी खाई में गिर गई, जिससे करीब 8 लोगों की मौत हो गई. बता दें कि यह दुर्घटना महाबलेश्वर और पोलादपुर के बीच स्थित अम्बेनाली घाट पर हुई. रिपोर्ट्स के अनुसार, इस कार में 8 लोग सवार थे और सभी की मौत हो गई. बचाव दलों ने दो लोगों के शव को बरामद कर लिया है.
खबरों के अनुसार, इस खाई की गहराई 500 से 700 फीट के बीच होने का अनुमान है. बकाी शवों की तलाश जारी है. बताया जा रहा है कि यह स्कॉर्पियो SUV सतारा जिले के आसगांव गांव की है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि वे दापोली से सतारा जा रहे थे, तभी उनकी गाड़ी खाई में गिर गई.
रिपोर्ट्स के अनुसार, जिन लोगों की मौत हुई, उनमें अंश समीर चव्हाण (उम्र 19), रितेश राजेंद्र लोखंडे (उम्र 22), सुहास जितेंद्र लोखंडे (उम्र 20), उत्कर्ष आनंद शिंगटे (उम्र 21), निखिल अभिमन्यु शिंगटे (उम्र 25), महेश अनिल पवार (उम्र 25), आदित्य अशोक सालुंखे (उम्र 21) और राजेश अशोक काटकर (उम्र 35) शामिल हैं.
कुछ खबरों के अनुसार, रायगढ़ और सतारा जिलों की सीमा पर स्थित यह घाट काफी खतरनाक माना जाता है. ऐसा माना जा रहा है कि ये सभी लोग कोंकण या महाबलेश्वर घूमने आए होंगे. लोकल प्रशासन, ट्रैकर्स और बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए हैं. मामले की जांच चल रही है और बाकी के शवों को ढूंढा जा रहा है.