menu-icon
India Daily

अब जेब पर भारी पड़ेगी पुरानी गाड़ी! सरकार ने दोगुना किया ग्रीन टैक्स, जानें क्या है नई स्क्रैपिंग पॉलिसी?

महाराष्ट्र सरकार ने बजट 2026 में प्रदूषण कम करने के लिए पुरानी गाड़ियों पर ग्रीन टैक्स दोगुना कर दिया है. साथ ही पुरानी गाड़ी स्क्रैप कर नई खरीदने वालों को टैक्स में भारी छूट दी जाएगी.

KanhaiyaaZee
अब जेब पर भारी पड़ेगी पुरानी गाड़ी! सरकार ने दोगुना किया ग्रीन टैक्स, जानें क्या है नई स्क्रैपिंग पॉलिसी?
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: महाराष्ट्र के वाहन मालिकों के लिए 2026-27 का बजट बड़े बदलाव लेकर आया है. राज्य सरकार ने बिगड़ती हवा और बढ़ते प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए एक कड़ा रुख अपनाया है. मुख्यमंत्री द्वारा पेश किए गए इस बजट का मुख्य उद्देश्य सड़कों से पुरानी और धुआं छोड़ने वाली गाड़ियों को हटाना है. इसके लिए सरकार ने 'दंड और पुरस्कार' की नीति अपनाई है. जहां पुरानी गाड़ियों का मालिकाना हक महंगा किया गया है, वहीं नई और आधुनिक गाड़ियों को अपनाने के लिए आकर्षक प्रोत्साहन दिए गए हैं.

बजट का सबसे कड़ा फैसला BS-4 या उससे पुराने मानकों वाली प्राइवेट गाड़ियों पर ग्रीन टैक्स को दोगुना करना है. सरकार का मानना है कि ये गाड़ियां नए एमिशन नॉर्म्स की तुलना में कहीं अधिक प्रदूषण फैलाती हैं. टैक्स बढ़ाने से इन गाड़ियों को सड़कों पर चलाना अब काफी खर्चीला हो जाएगा. प्रशासन चाहता है कि लोग इन पुराने वाहनों के इस्तेमाल को कम करें. ताकि शहरों के प्रदूषण स्तर को नियंत्रित कर पर्यावरण को बचाया जा सके.

स्क्रैपिंग पर टैक्स में बड़ी राहत 

टैक्स के बोझ के बीच सरकार ने उन लोगों के लिए राहत का रास्ता भी खोला है जो पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हैं. यदि कोई वाहन मालिक अपनी पुरानी गाड़ी को स्क्रैप करने का फैसला करता है और उसके बदले नई गाड़ी खरीदता है. तो उसे मोटर व्हीकल टैक्स में विशेष रियायत दी जाएगी. यह कदम लोगों को कबाड़ हो चुके वाहनों को हटाने के लिए प्रोत्साहित करेगा. जिससे पुरानी तकनीक वाले वाहन धीरे-धीरे पूरी तरह बाहर हो जाएंगे.

वाहन श्रेणी के अनुसार छूट 

बजट में मिलने वाली छूट को वाहन के पुरानेपन के आधार पर तय किया गया है. BS-4 या उससे ऊपर की गाड़ी स्क्रैप करने पर नई गाड़ी की खरीद पर लगभग 16% तक की टैक्स छूट का प्रस्ताव है. वहीं. अगर आप BS-3 या उससे अधिक पुरानी गाड़ी स्क्रैप करते हैं, तो यह राहत बढ़कर 30% तक पहुंच सकती है. यह व्यवस्था मध्यम वर्ग के लिए नई और सुरक्षित तकनीक अपनाना आसान बना देगी, जिससे उनके वित्तीय बोझ में कमी आएगी.

प्रदूषण मुक्ति और सड़क सुरक्षा 

सरकार का मुख्य लक्ष्य न केवल धुआं कम करना है. बल्कि ईंधन की खपत और सड़क सुरक्षा में भी सुधार करना है. पुरानी गाड़ियां नई गाड़ियों की तुलना में ज्यादा ईंधन पीती हैं और उनकी सुरक्षा तकनीक भी पुरानी पड़ चुकी है. नई गाड़ियों को बढ़ावा देकर सरकार चाहती है कि पर्यावरण स्वच्छ हो और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आए. आधुनिक वाहनों में एमिशन कंट्रोल सिस्टम बेहतर होता है, जो शहरों की हवा को जहरीला होने से रोकता है.