नई दिल्ली: 4 मई को घोषित हुए केरल चुनाव के नतीजों में कांग्रेस नीत UDF गठबंधन को प्रचंड बहुमत हासिल हुआ, लेकिन 10 दिन बीत जाने के बाद भी कांग्रेस अभी तक अपना सीएम फाइनल नहीं कर पाई है. वही आज हुई कांग्रेस की अति महत्वपूर्ण बैठक में सीएम के नाम पर विधायकों व आलाकमान के बीच एक राय बनने की बात कही जा रही है.
हालांकि कांग्रेस की तरफ से अभी भी आधिकारिक तौर पर सीएम के नाम का एलान नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के हवाले से खबर है कि वीडी सतीशन को कांग्रेस ने सीएम फेस चुन लिया है और वही राज्य की कमान संभालेंगे. कल इसको लेकर ऐलान भी करने की बात बता दें कि इससे पहले चर्चा थी कि कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल को राज्य की कमान सौंपी जा सकती है, लेकिन स्थानीय नेतृत्व में उनके नाम पर सहमति नहीं बन पा रही थी.
बता दें कि दिल्ली में आज राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मौजूदगी में पार्टी नेताओं की बैठक हुई, जिसमें केरल में सीएम के नाम के ऐलान में हो रही देरी पर विस्तृत चर्चा हुई. सभी संभावित नामों पर चर्चा के बाद कल सीएम के नाम के ऐलान की बात कही जा रही है. वही मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा में हो रही देरी को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भी असंतोष गहराता जा रहा है.
केरल में मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा में हो रही देरी को लेकर राहुल गांधी पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं. कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र वायनाड में कांग्रेस जिला कार्यालय के पास राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ पोस्टर लगाए गए हैं. इन पोस्टरों में आरोप लगाया गया है कि दोनों नेता केसी वेणुगोपाल को केरल का मुख्यमंत्री बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि राज्य में उनके खिलाफ माहौल है.
बता दें कि केरल चुनाव के नतीजों के साथ ही तमिलनाडु, असम और पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम घोषित हुए थे, तमिलनाडु में विजय की अगुवाई वाली TVK जबकि असम और बंगाल में बीजेपी की सरकार भी गठित हो चुकी है, लेकिन केरल में अबतक सीएम तक नहीं चुन पाने को लेकर कांग्रेस की किरकिरी हो रही है और विपक्ष इसको लेकर तंज भी कस रही है. अब देखना यह है कि पार्टी कब अपना सीएम घोषित करती है.