केरल में मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान करने में हो रही देरी से पार्टी में बेचैनी बढ़ रही है. स्थिति यह है कि लोगों ने केरल में पोस्ट लगाने शुरू कर दिए हैं कि - वायनाड अगला अमेठी बन जाएगा. हालांकि इस बीच केरल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मुरलीधरन ने राहुल गांधी से मुलाकात करने के बाद कहा है कि कांग्रेस आज (बुधवार को) केरल में मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर सकती है, नाम तय करने के लिए दिल्ली में बैठकों का दौर जारी है.
क्यों लगे अमेठी से जुड़े पोस्टर?
बता दें कि फिलहाल राहुल गांधी केरल की वायनाड लोकसभा सीट से सांसद हैं. 2014 में वह यूपी की अमेठी लोकसभा सीट के साथ ही वायनाड से भी लोकसभा चुनाव लड़े थे और अमेठी से चुनाव हारने पर उन्होंने वायनाड को ही अपना संसदीय क्षेत्र बना लिया. इससे पहले राहुल गांधी और उनके पिता स्वर्गीय राजीव गांधी अमेठी से सांसद चुने जाते रहे थे. यानी अमेठी, गांधी परिवार की पुश्तैनी सीट बन गई थी. यही कारण है कि नाम का ऐलान न होने नाराज धड़ों ने वायनाड में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ पोस्टर लगाने शुरू कर दिए हैं- इन पोस्टरों पर लिखा है- Wayanad will be next Amethi
VIDEO | Kerala: Posters emerge near Wayanad district Congress office warning Rahul Gandhi and Priyanka Gandhi Vadra of losing further polls if KC Venugopal is nominated for Kerala CM post.
— Press Trust of India (@PTI_News) May 13, 2026
(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/5jiNqy54Hr
नाम तय करने में क्यों हो रही देरी?
कांग्रेस आलाकमान की ओर से मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान करने में देरी का कारण तीन बड़े दावे बताए जा रहे हैं. इनमें पहला बड़ा दावा है ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी बेणुगोपाल का है. दूसरा नाम है- केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीशन. तीसरे मजबूत दावेदार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला बताए जा रहे हैं.
मुख्यमंत्री के चयन के लिए कांग्रेस आलाकमान ने मंगलवार को केरल के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों को बुलाकर चर्चा की थी. पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के इनपुट के बाद केसी वेणुगोपाल, वीडी सतीशन और रमेश चेन्निथला के नाम उभरकर सामने आए हैं. केरल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष वीएम सुधीरण ने मंगलवार की मीटिंग के बताया कि उन्होंने कांग्रेस आलाकमान को जनभावनाओं से अवगत करा दिया है, उम्मीद है कि आलाकमान जनभावनाओं का आदर करेगा.
केसी वेणुगोपाल को लेकर केरल में विरोध
सियासी जानकारों की मानें तो केरल में केसी वेणुगोपाल के नाम का विरोध हो रहा है और राहुल व प्रियंका गांधी के खिलाफ शुरू हुआ पोस्टवार भी उसी का नतीजा है. नाराज धड़े ने कहा कि यदि केसी वेणुगोपाल को मुख्यमंत्री बनाया गया तो केरल की जनता कांग्रेस आलाकमान को माफ नहीं करेगी.