पाकिस्तान से युद्ध की आहट के बीच पेट्रोल, डीजल और LPG का कितना बचा है स्टॉक? इंडियन ऑयल ने क्यों की लोगों से अपील
India Fuel Status: इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने बयान जारी किया है कि भारत-पाक तनाव के बावजूद ईंधन और एलपीजी की कोई कमी नहीं है. सभी आउटलेट्स पर सप्लाई सामान्य है. कंपनी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराकर खरीदारी न करने की अपील की है.
India Fuel Status: भारत-पाक सीमा पर तनावपूर्ण हालात और सीमावर्ती इलाकों में बढ़ती चिंताओं के बीच इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने देशवासियों को भरोसा दिलाया है कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की देशभर में कोई कमी नहीं है. कंपनी ने साफ किया है कि सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और सभी आउटलेट्स पर निर्बाध रूप से फ्यूल उपलब्ध है.
इंडियन ऑयल के अनुसार, उनके सभी टर्मिनल, डिपो और आउटलेट्स सामान्य रूप से काम कर रहे हैं. न केवल ट्रकिंग नेटवर्क बल्कि पाइपलाइन सिस्टम भी पूरी क्षमता से सक्रिय है. इससे यह स्पष्ट होता है कि देश के किसी हिस्से में फ्यूल की आपूर्ति में कोई बाधा नहीं है.
पेट्रोल पंपों पर बढ़ी भीड़
पंजाब, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर जैसे सीमावर्ती राज्यों में ब्लैकआउट और सैन्य गतिविधियों के चलते अफवाहें फैल गईं, कि फ्यूल की कमी हो सकती है. इन अफवाहों के चलते कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं. यही कारण था कि इंडियन ऑयल को बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट करनी पड़ी.
क्या है पैनिक बायिंग का खतरा?
इंडियन ऑयल ने 'पैनिक बायिंग' यानी घबराहट में जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीदने की प्रवृत्ति को नुकसानदायक बताया. इससे न केवल अस्थायी सप्लाई चेन बाधित हो सकती है बल्कि जहां वास्तव में जरूरत है, वहां फ्यूल पहुंचने में देर हो सकती है. साथ ही, लॉजिस्टिक्स और वितरण व्यवस्था पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ता है.
घबराएं नहीं, जिम्मेदारी से करें व्यवहार
इंडियन ऑयल ने अपने बयान में जनता से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है. उन्होंने दोहराया कि 'देशभर में किसी भी प्रकार की फ्यूल या गैस की कमी नहीं है, कृपया पैनिक बायिंग से बचें.'
भारत में फिलहाल पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित, नियंत्रण में और नियमित रूप से चल रही है. इंडियन ऑयल समेत सभी सार्वजनिक उपक्रम स्थिति पर सतर्क नजर बनाए हुए हैं. ऐसी स्थिति में नागरिकों का कर्तव्य है कि वे अफवाहों से बचें और जिम्मेदारीपूर्ण व्यवहार करें.
और पढ़ें
- Trains From Jammu: जम्मू-उधमपुर से दिल्ली के लिए भारतीय रेलवे चलाएगा तीन स्पेशल ट्रेनें, पाकिस्तान के नापाक इरादे को देखते हुए लिया फैसला
- क्या भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध हो गया शुरू? जानें कौन करेगा इसका ऑफिशियल ऐलान, ये होती है प्रक्रिया
- ATM Close In India: क्या भारत-पाक तनाव के बीच देशभर के ATM में लगेगा ताला?