menu-icon
India Daily

देश के कई हिस्सों में बारिश का कहर, इन 12 राज्यों में IMD ने जारी किया अलर्ट

26 जुलाई को देश के कई राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है. कुछ क्षेत्रों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
देश के कई हिस्सों में बारिश का कहर, इन 12 राज्यों में IMD ने जारी किया अलर्ट
Courtesy: Chatgpt (Representative image)

नई दिल्ली: देशभर में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है. भारत मौसम विभाग यानी IMD ने 26 जुलाई को उत्तर, पूर्व और पश्चिम भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की है. कुछ इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और मैदानी इलाकों में जलभराव की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, गुजरात और पंजाब में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. कई जिलों में तेज आंधी, बिजली गिरने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने किसानों, यात्रियों और नदी तथा समुद्र किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है.

राजधानी में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली में शाम तक तेज बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

अन्य राज्यों में कैसी है स्थिति?

उत्तर प्रदेश के मेरठ, सहारनपुर, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, देवरिया, बहराइच, सीतापुर सहित कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

बिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और भागलपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश और 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है.

राजस्थान के जयपुर, कोटा, बूंदी, अजमेर, उदयपुर, सीकर और भरतपुर सहित कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट है. वहीं उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका जताई गई है.

महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, खुले स्थानों पर नहीं रुकने और बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है.