menu-icon
India Daily

फ्री कोचिंग से ग्लोबल डिग्री तक, स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से PM मोदी ने Gen-Z को दिए बड़े तोहफे

स्वतंत्रता दिवस 2026 पर पीएम मोदी ने लाल किले से युवाओं और छात्रों के लिए शिक्षा, रिसर्च, तकनीक और रोजगार से जुड़े कई बड़े अवसरों का जिक्र किया. उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग नेटवर्क तैयार करने की बात कही.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
फ्री कोचिंग से ग्लोबल डिग्री तक, स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से PM मोदी ने Gen-Z को दिए बड़े तोहफे
Courtesy: @ANI X Account

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2026 को देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से युवाओं और छात्रों के लिए कई बड़े ऐलान किए. पीएम मोदी के भाषण में इस बार देश की युवा पीढ़ी, छात्रों, शोधकर्ताओं और तकनीक से जुड़े अवसरों पर खास जोर दिखाई दिया. उन्होंने कहा कि विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को हासिल करने में देश के युवाओं की सबसे अहम भूमिका होगी.

पीएम मोदी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग नेटवर्क तैयार करने की बात कही. इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और छोटे शहरों तथा गांवों के छात्रों को बेहतर तैयारी का अवसर देना है. इस व्यवस्था के जरिए छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अच्छी फैकल्टी और डिजिटल स्टडी सामग्री उपलब्ध कराने की योजना बताई गई.

क्या होगा इसका फायदा?

इस पहल से उन छात्रों को राहत मिलने की उम्मीद है जो महंगी कोचिंग फीस के कारण बड़े शहरों का रुख नहीं कर पाते. डिजिटल माध्यम के जरिए गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई को ज्यादा से ज्यादा युवाओं तक पहुंचाने पर सरकार का जोर रहेगा.

प्रधानमंत्री ने रिसर्च और इनोवेशन के क्षेत्र में भी बड़ा विजन सामने रखा. उन्होंने कहा कि युवाओं को रिसर्च के नए अवसर दिए जा रहे हैं और इनोवेशन के लिए एक लाख करोड़ रुपये का फंड बनाया गया है. पीएम मोदी ने स्टार्टअप और अंतरिक्ष क्षेत्र में युवाओं की बढ़ती भागीदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि युवा नई तकनीकों के क्षेत्र में लगातार अपनी क्षमता साबित कर रहे हैं.

पीएम मोदी ने क्या बताया?

पीएम मोदी ने बताया कि देश में 2.5 लाख से ज्यादा स्टार्टअप काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि युवा केवल तकनीक के उपभोक्ता नहीं, बल्कि नई तकनीक और नए समाधान तैयार करने वाले निर्माता भी बन रहे हैं.

युवाओं के लिए एक और बड़ा अवसर भारत में विदेशी विश्वविद्यालयों के आने से जुड़ा है. पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया की जानी मानी विदेशी यूनिवर्सिटीज अब भारत में आ रही हैं. इससे भारतीय छात्रों को देश में रहते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा और वैश्विक अवसर हासिल करने का मौका मिलेगा.

 उच्च शिक्षा के विस्तार को लेकर क्या बोले?

प्रधानमंत्री ने उच्च शिक्षा के विस्तार का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि पिछले 10 से 12 वर्षों में देश में 650 नई यूनिवर्सिटीज खोली गई हैं. मेडिकल शिक्षा में भी सीटों की संख्या बढ़ाने का दावा किया गया. इसके साथ ही उन्होंने नई शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था में व्यावहारिक ज्ञान और कौशल पर जोर दिया जा रहा है.