देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां एक सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) रैंक के अधिकारी को एक 9 साल की बच्ची को अपना प्राइवेट पार्ट दिखाने का आरोप में गिरफ्तार किया गया है. वर्ली पुलिस के मुताबिक पुलिस अधिकारी ने वर्ली के एक गार्डन में 9 साल की बच्ची के सामने अपने गुप्तांग का प्रदर्शन किया. आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
पुलिस सूत्रों ने कहा कि शिकायत मिलते ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. एक पुलिस अधिकारी ने बताया, 'आरोपी ने अपने गुप्तांगों का प्रदर्शन किया था. यह घटना 23 अप्रैल को हुई जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.'
अधिकारी ने बताया कि अभी तक आरोपी पुलिस अधिकारी के खिलाफ केवल एक शिकायत आई है. आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और बाल यौन उत्पीड़न संरक्षण अधिनियम (पोक्सो) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है. वहीं यौन उत्पीड़न से संबंधित मामलों में सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देश के तहत पीड़िता की पहचान को गुप्त रखा गया है.