menu-icon
India Daily

मानसून की दस्तक तेज, 15 राज्यों में बारिश और बारिश की चेतावनी; जानें आपके राज्य का मौसम हाल

देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार तेज होने लगी है. मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान सहित 15 राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
मानसून की दस्तक तेज, 15 राज्यों में बारिश और बारिश की चेतावनी; जानें आपके राज्य का मौसम हाल
Courtesy: X (@Prakashukla)

देश के कई हिस्सों में जल्द ही मौसम का मिजाज बदलने वाला है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसका असर उत्तर, पूर्व और मध्य भारत के कई राज्यों में देखने को मिलेगा. 

मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान समेत 15 राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है. IMD के मुताबिक कई स्थानों पर हवाओं की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

दिल्ली-एनसीआर को मिलेगी गर्मी से राहत

दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को जल्द राहत मिल सकती है. मौसम विभाग के अनुसार 20 से 24 जून के बीच राजधानी क्षेत्र में कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. बारिश के बाद लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. वहीं राजस्थान में भी लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है. राज्य के अलग-अलग जिलों में 21 से 24 जून के बीच तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है. हालांकि इसके बाद एक बार फिर से गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा.

उत्तर प्रदेश में गर्मी और बारिश दोनों का असर

उत्तर प्रदेश में मौसम का असर क्षेत्रवार अलग-अलग देखने को मिलेगा. पश्चिमी यूपी के कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है, जबकि राजधानी लखनऊ समेत मध्य यूपी के कुछ जिलों में अभी गर्मी का प्रकोप जारी रह सकता है. बिहार में फिलहाल गर्मी और लू का असर बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार 23 जून से राज्य में मानसून का प्रभाव दिखाई देने लगेगा. 23 से 25 जून के बीच कई जिलों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. 

उत्तराखंड के नैनीताल, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में बारिश और गरज-चमक को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. जम्मू-कश्मीर में भी मौसम विभाग ने व्यापक बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. कई इलाकों में 22 जून तक बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि आगामी दिनों में मानसून की सक्रियता बढ़ने से देश के बड़े हिस्से में मौसम का स्वरूप बदल जाएगा.