menu-icon
India Daily

भारी बारिश का तांडव! महाराष्ट्र-गुजरात बॉर्डर पर जिंदगी ठप, 40 किमी लंबा जाम

पिछले 72 घंटों से हो रही तेज बारिश ने महाराष्ट्र और गुजरात में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. खासकर महाराष्ट्र-गुजरात बॉर्डर के आसपास हालात काफी खराब हैं.

Shilpa Shrivastava
भारी बारिश का तांडव! महाराष्ट्र-गुजरात बॉर्डर पर जिंदगी ठप, 40 किमी लंबा जाम
Courtesy: X

महाराष्ट्र: पिछले 72 घंटों से हो रही तेज बारिश ने महाराष्ट्र और गुजरात में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. खासकर महाराष्ट्र-गुजरात बॉर्डर के आसपास हालात काफी खराब हैं. लगातार बारिश की वजह से दोनों राज्यों के बीच आने-जाने में बड़ी दिक्कत हो रही है. कई जगह सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे यातायात लगभग ठप हो गया है.

कई किलोमीटर लंबा जाम, हजारों गाड़ियां फंसी:

मुंबई-गुजरात को जोड़ने वाला नेशनल हाईवे 48 इस समय सबसे ज्यादा प्रभावित है. यहां करीब 35 से 40 किलोमीटर लंबा जाम लगा हुआ है. पिछले 2-3 दिनों से हजारों वाहन सड़क पर ही फंसे हुए हैं. पानी भरने और खराब सड़क की वजह से गाड़ियां आगे नहीं बढ़ पा रही हैं. लोग घंटों-घंटों तक अपनी गाड़ियों में ही बैठे रहने को मजबूर हैं. गुरुवार रात को बारिश थोड़ी कम हुई थी, लेकिन शुक्रवार को फिर से तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे स्थिति और बिगड़ गई.

सेना का काफिला भी जाम में फंसा:

इस भारी जाम का असर सिर्फ आम लोगों पर ही नहीं, बल्कि सेना पर भी पड़ा है. महाराष्ट्र से गुजरात जा रहा सेना का काफिला भी इसी ट्रैफिक में फंस गया. वहीं, खराब मौसम के कारण वापी चेक पोस्ट को बंद कर दिया गया है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है.

वहीं, भारी बारिश का असर रेलवे पर भी पड़ा है. दक्षिण गुजरात में रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से कई ट्रेनों को रोकना पड़ा. दिल्ली-मुंबई रूट पर भी सेवाएं प्रभावित हुई हैं. मुंबई जाने वाली 7 ट्रेनों को मध्य प्रदेश के अलग-अलग स्टेशनों पर रोक दिया गया है. इससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

पालघर में दो की मौत, 244 लोगों को बचाया गया:

महाराष्ट्र के पालघर जिले में बारिश के कारण दो लोगों की मौत हो गई है. प्रशासन और NDRF की टीमों ने मिलकर रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और 244 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. एहतियात के तौर पर जिले के सभी स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं. दहानू और तलासरी इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हैं, जहां कई जगह अब भी पानी भरा हुआ है.

महाराष्ट्र और गुजरात दोनों राज्यों की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं. रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और लोगों को सलाह दी गई है कि जरूरी काम के अलावा घर से बाहर न निकलें. जब तक मौसम ठीक नहीं होता, तब तक यात्रा करने से बचें.