menu-icon
India Daily

शादी समारोह में दूल्हे पर चाकू से हमला, कैमरामैन ने ड्रोन से तीन किमी तक किया हमलावरों का पीछा, वीडियो वायरल

बताया जा रहा है कि शादी के DJ परफॉर्मेंस के दौरान डांस करते समय दूल्हे और आरोपी के बीच धक्का-मुक्की हो गई थी. इसी बात से नाराज होकर राघो बक्शी ने बदला लेने की ठान ली और मंच पर ही हमला कर दिया.

auth-image
Edited By: Sagar Bhardwaj
Groom stabbed at wedding in maharashtra Amravati drone chases attackers for 3 km with video goes vir
Courtesy: @shashaankshukla

शादी का माहौल, खुशियों की गूंज, मेहमानों की भीड़ और वरमाला का इंतजार—इसी बीच अमरावती के एक विवाह मंडप में ऐसा कुछ हुआ जिसने सभी को सन्न कर दिया. दूल्हे पर मंच पर ही चाकू से हमला कर दिया गया. हैरानी की बात यह रही कि ड्रोन कैमरा, जो शादी का वीडियो शूट कर रहा था, वही हमले का गवाह बना और फिर अपराधी का पीछा करते हुए पुलिस के लिए अहम सबूत जुटा गया.

मंच पर हुआ हमला, दूल्हा घायल

यह घटना अमरावती जिले के बादनेरा थाना क्षेत्र की है. दूल्हा सुजल राम समुद्र मंच पर बैठा था जब आरोपी राघो जितेंद्र बक्शी अचानक पहुंचा और लोहे के चाकू से उस पर तीन वार कर दिए. दूल्हे की जांघ और घुटने पर गंभीर चोटें आईं. मौके पर अफरातफरी मच गई और परिजनों ने घायल सुजल को तुरंत RIMS अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है.

ड्रोन बना ‘सबसे बड़ा गवाह’

शादी में चल रहे ड्रोन कैमरे ने पूरी घटना रिकॉर्ड कर ली. वीडियो में साफ दिखाई देता है कि हमलावर ने नारंगी रंग की हुडी पहन रखी थी और वार करने के बाद बाइक पर बैठकर भाग निकला. ड्रोन ऑपरेटर ने तुरंत कैमरा उसी दिशा में घुमा दिया और लगभग दो किलोमीटर तक दोनों आरोपियों का पीछा किया. यह फुटेज अब पुलिस जांच की अहम कड़ी बन गया है.

छोटी बहस बनी जानलेवा झगड़ा

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि यह हमला किसी पुरानी दुश्मनी का नहीं बल्कि एक मामूली झगड़े का नतीजा था. बताया जा रहा है कि शादी के DJ परफॉर्मेंस के दौरान डांस करते समय दूल्हे और आरोपी के बीच धक्का-मुक्की हो गई थी. इसी बात से नाराज होकर राघो बक्शी ने बदला लेने की ठान ली और मंच पर ही हमला कर दिया.

दूल्हे के पिता पर भी वार की कोशिश

हमले के दौरान जब दूल्हे के पिता रामजी समुद्र ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो आरोपी ने उन पर भी चाकू चलाने का प्रयास किया. लेकिन मेहमानों के शोर और भगदड़ में वह बच गए. इस दौरान आरोपी का एक साथी, जिसने काले कपड़े पहन रखे थे, बाहर बाइक लेकर तैयार खड़ा था. दोनों बाइक पर सवार होकर फरार हो गए.

आरोपी की धरपकड़ शुरू

बादनेरा थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने ड्रोन फुटेज जब्त कर ली है और उसकी मदद से आरोपी की पहचान कर रही है. फुटेज में दोनों के चेहरे साफ नजर आ रहे हैं. पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया है और जल्द ही गिरफ्तारी की उम्मीद जताई है.