मुंबई के पायधुनी इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि परिवार ने रात को बिरयानी खाने के बाद तरबूज खाया था जिसके बाद सभी की तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान चारों ने दम तोड़ दिया. जिसने भी इस घटना के बारे में सुना अवाक रह गया. पुलिस इस घटना की हर पहलू से जांच कर रही है.
अनुमान लगाया जा रहा है कि चारों लोगों की मौत की वजह फूड पॉइजनिंग हो सकती है. मृतकों की पहचान अब्दुल्ला अब्दुल कादर (40), पत्नी नसरीन (35), दो बेटियां आयशा (16) और जैनब (13) के रूप में हुई है. इन चारों की मौत से पूरा इलाका सदमे में है.
पुलिस ने बताया कि 25 अप्रैल की रात अब्दुल्ला के घर पर डिनर रखा गया था. रात करीब 10.30 बजे परिवार के चारों सदस्यों ने पांच रिश्तेदारों से साथ मिलकर खाना खाया था. डिनर के बाद रिश्तेदार अपने-अपने घर लौट गए. उस समय तक सब कुछ नॉर्मल लग रहा था.
बताया जा रहा है कि रिश्तेदारों के जाने के बाद चारों ने रात करीब 1 बजे तरबूज खाया जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. पहले एक फैमिली डॉक्टर को दिखाया गया लेकिन चारों की हालत गंभीर होती चली गई.
आपात स्थिति में चारों को जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान सबसे छोटी बेटी जैनब की रविवार सुबर करीब 10.15 बजे मौत हो गई. इसके बाद आयशा, नसरीन और आखिर में अबदुल्ला ने भी दम तोड़ दिया.
जानकारी के मुताबिक, अब्दुल्ला मुंबई में एक मोबाइल एक्सेसरीज की दुकान चलाते थे और अपने परिवार के साथ पायधुनी इलाके में रहते थे.
मामले की गंभीरता को देखते हुए जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन ने घटनास्थल से बरमाद आधे कटे हुए तरबूज के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं. पुलिस यह जानना चाहती है कि कहीं तरबूज जहरीला या बैक्टीरियायुक्त तो नहीं था. चारों के पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, फिलहाल पुलिस को अंतिम रिपोर्ट आने का इंतजार है. पुलिस ने इसे एक्सीडेंटल डेथ मानते हुए मामला दर्ज कर लिया है.