menu-icon
India Daily

‘निकम्मे लोगों को मौज लेने दो...’, दिल्ली जाने की अटकलों पर फडणवीस का करारा जवाब

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिल्ली जाने की चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और महाराष्ट्र की जनता ने उन्हें राज्य की जिम्मेदारी दी है. वे मुंबई में रहकर काम करते रहेंगे.

KanhaiyaaZee
‘निकम्मे लोगों को मौज लेने दो...’, दिल्ली जाने की अटकलों पर फडणवीस का करारा जवाब
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के दिल्ली जाने की चर्चाओं पर अब खुद मुख्यमंत्री ने जवाब दिया है. हालिया दिल्ली दौरे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत केंद्रीय नेताओं से मुलाकात के बाद उनके केंद्र में जाने की अटकलों ने जोर पकड़ा था. फडणवीस ने इन चर्चाओं को लेकर साफ कहा कि उनका फिलहाल महाराष्ट्र छोड़ने का कोई इरादा नहीं है. उन्होंने अपने अंदाज में उन लोगों पर तंज भी कसा, जो उनके दिल्ली जाने की कहानी लगातार आगे बढ़ा रहे हैं.

देवेंद्र फडणवीस हाल ही में दिल्ली पहुंचे थे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सहित कई नेताओं से मुलाकात की. इसके बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई कि उन्हें महाराष्ट्र से केंद्र की राजनीति में लाया जा सकता है. हालांकि, फडणवीस ने बताया कि प्रधानमंत्री से मुलाकात का मकसद महाराष्ट्र की महत्वपूर्ण परियोजनाओं और राज्य से जुड़े दूसरे विषयों पर जानकारी देना था. उन्होंने बैठक को सकारात्मक बताया.

फडणवीस बोले, मुंबई में ही रहूंगा

दिल्ली जाने के सवाल पर फडणवीस ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह महाराष्ट्र में ही रहेंगे. आजतक से बातचीत में उन्होंने कहा कि जब वे दिल्ली जाते हैं तो चर्चा शुरू हो जाती है और मुंबई में रहते हैं, तब भी उनके बारे में बातें होती हैं. उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को उनके बारे में चर्चा करना पसंद है, इसलिए वे उन्हें इसका आनंद लेने देते हैं. उनके इस बयान को दिल्ली जाने की अटकलों पर सीधा जवाब माना जा रहा है.

‘गुब्बारे और पतंग उड़ाने दें’

फडणवीस ने अपने विरोधियों और अटकलें लगाने वालों पर भी व्यंग्य किया. उन्होंने कहा कि जिसे जो तारे तोड़ने हैं, जिसे जो गुब्बारे उड़ाने हैं या जिसे जो पतंग उड़ानी है, वह उड़ाने दें. उन्होंने दोहराया कि वे महाराष्ट्र में हैं और यहीं रहकर जनता की सेवा कर रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र की जनता ने उन्हें राज्य की जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे वे ईमानदारी से निभाते रहेंगे.

‘कई लोगों को लगता है मुझे दिल्ली जाना चाहिए’

जब फडणवीस से पूछा गया कि उन्हें दिल्ली कौन भेजना चाहता है, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि बहुत से लोगों को लगता है कि उन्हें दिल्ली जाना चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने साफ कर दिया कि वे मुंबई में ही रहेंगे. फडणवीस के इस जवाब से संकेत मिलता है कि फिलहाल महाराष्ट्र की राजनीति से हटकर केंद्र में जाने की उनकी कोई योजना नहीं है. उनका फोकस राज्य की जिम्मेदारियों पर ही है.

संजय राउत के बयान से शुरू हुई चर्चा

फडणवीस के दिल्ली जाने की अटकलों को शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत के बयान से भी हवा मिली थी. राउत ने दावा किया था कि अगले एक-दो महीनों में केंद्र सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार या फेरबदल हुआ तो महाराष्ट्र की राजनीति में भी बड़े बदलाव संभव हैं. उन्होंने संभावना जताई थी कि ऐसी स्थिति में फडणवीस को केंद्र में जिम्मेदारी दी जा सकती है. हालांकि, मुख्यमंत्री के ताजा बयान ने इन चर्चाओं पर फिलहाल विराम लगा दिया है.