menu-icon
India Daily

बंगाल में 14 साल की लड़की को नशीली चीज देकर किया गया गैंगरेप, दुर्गापुर की घटना से मचा हड़कंप

बंगाल के दुर्गापुर में 14 वर्षीय एक नाबालिग लड़की के साथ गंभीर अपराध का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार लड़की को कथित रूप से घर से बहला-फुसलाकर ले जाया गया और बाद में उसके साथ अपराध किया गया. चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
बंगाल में 14 साल की लड़की को नशीली चीज देकर किया गया गैंगरेप, दुर्गापुर की घटना से मचा हड़कंप
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: पुलिस के मुताबिक पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में 14 साल की लड़की को उसके घर से बहला-फुसलाकर ले जाया गया, नशीली चीज दी गई और फिर एक होटल में ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया गया. लड़की को उसके घर से ले जाने वाली महिला और होटल मैनेजर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक संदिग्ध अभी भी फरार है.

इस घटना से इलाके में आक्रोश फैल गया है और राज्य में महिलाओं और नाबालिगों के खिलाफ अपराधों को लेकर चिंता फिर से बढ़ गई है. पीड़िता के पिता की शिकायत के अनुसार यह घटना शनिवार को हुई जब सिमरन तमांग नाम की एक महिला ने 14 साल की लड़की को अपने साथ घर से चलने के लिए मना लिया.

पिता ने क्या लगाया आरोप?

पिता का आरोप है कि घर से निकलने के बाद नाबालिग लड़की को एक गाड़ी में ले जाया गया, जहां उसे जबरदस्ती शराब पिलाई गई जिसमें कथित तौर पर नशीली चीज मिली हुई थी. बेहोश होने पर उसे दुर्गापुर के सिटी सेंटर इलाके के कविगुरु में एक होटल ले जाया गया.

शिकायत में कहा गया है कि इसके बाद राज मल्लिक और शेख अजहरुद्दीन समेत कई आरोपियों ने लड़की के साथ यौन उत्पीड़न किया. कथित उत्पीड़न के बाद आरोपी नाबालिग को बाईपास के पास छोड़कर भाग गए.

क्या है पूरा मामला?

बाद में शनिवार रात करीब 10.30 बजे एक ई-रिक्शा ड्राइवर को लड़की बुरी हालत में मिली और उसने उसे उसके घर के पास छोड़ दिया. इसके बाद परिवार को घटना के बारे में पता चला और वे उसे अस्पताल ले गए. उसका अभी बिधाननगर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है.

पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी बेटी को दोपहर करीब 1.30 बजे घर से ले जाया गया था और बाद में वह बहुत ज़्यादा नशे की हालत में मिली. उन्होंने कहा, 'मैं मुख्यमंत्री से अपील करता हूं कि सभी जिम्मेदार लोगों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए. मैं आरोपियों के लिए मौत की सजा की मांग करता हूं.'

पुलिस ने क्या लिया गया?

शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नर प्रवीण कुमार के अनुसार, अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लोगों में दो नामजद आरोपी, पीड़िता को होटल ले जाने की आरोपी महिला और होटल का मैनेजर शामिल हैं. एक और आरोपी अभी भी फरार है और उसे खोजने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.

बीजेपी नेता ने क्या रखी मांग?

बीजेपी नेता पारिजात गांगुली, जिन्होंने स्थानीय पार्टी नेताओं के बुलावे पर अस्पताल का दौरा किया और पीड़िता के परिवार से मुलाकात की. उसने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से आरोपियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की.

एक कड़े बयान में गांगुली ने कहा कि एसके अजहरुद्दीन, राज मल्लिक और सिमरन तमांग जिन्हें उन्होंने अपराध का मास्टरमाइंड बताया कि उन्होंने जो किया है, वह बर्दाश्त करने लायक नहीं है.

उन्होंने कहा, 'हम मुख्यमंत्री और सरकार से अपील करते हैं कि ऐसे बलात्कारियों को जेल में बैठकर मुफ्त का खाना न खाने दें. अगर पुलिस ने उन्हें सुबह गिरफ्तार किया है, तो उन्हें दोपहर या शाम तक एनकाउंटर में मार दिया जाना चाहिए. जब ​​तक ऐसा डर पैदा नहीं किया जाएगा, अपराधी कानून से नहीं डरेंगे.'