menu-icon
India Daily

ओडिशा में जमुई जैसी घटना, युवक-युवती को रास्ते में रोककर की मारपीट; 2 लोग हिरासत में

ओडिशा के ढेंकनाल जिले से युवक-युवती के साथ सड़क पर मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है. घटना 18 सितंबर की बताई जा रही है. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया.

Shilpa Shrivastava
ओडिशा में जमुई जैसी घटना, युवक-युवती को रास्ते में रोककर की मारपीट; 2 लोग हिरासत में
Courtesy: X

ढेंकनाल: ओडिशा के ढेंकनाल जिले से जमुई जैसी घटना सामने आई है. यहां पर युवक-युवती के साथ सड़क पर मारपीट और बदसलूकी की गई है. घटना 18 सितंबर की बताई जा रही है. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया है और वीडियो के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है.

पुलिस के अनुसार, चौंकाने वाली घटना कपिलाश-ढेंकनाल सड़क पर भानराबेड़ा गांव के पास हुई. दो युवक और दो युवतियां कपिलाश मंदिर में दर्शन करने गए थे. वापस लौटते समय कुछ स्थानीय युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया. आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की. घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया. वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने घटना को लेकर नाराजगी जताई.

लोगों ने रास्ते में रोककर की बदसलूकी:

रिपोर्ट के अनुसार, युवकों के समूह ने चारों लोगों को सड़क पर रोककर उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया. मौके पर कुछ बुजुर्ग लोगों के हस्तक्षेप के बाद पीड़ित वहां से निकल पाए और वापस चले गए. वघटना के बाद पीड़ितों में से एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में मारपीट और बदसलूकी का आरोप लगाया गया है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. पुलिस अब वायरल वीडियो और दूसरे सबूतों की जांच कर रही है.

पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया:

गोंडिया पुलिस ने मामले में सरोज नायक और समीर नायक नाम के दो लोगों को हिरासत में लिया है. पुलिस का कहना है कि वीडियो और जांच में अगर अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के समय वहां कितने लोग मौजूद थे और किस व्यक्ति की क्या भूमिका थी.

पुलिस ने छेड़छाड़ के आरोप पर दी सफाई:

सोशल मीडिया पर घटना को छेड़छाड़ से जोड़कर चर्चा हो रही है, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दर्ज शिकायत में छेड़छाड़ का अलग से आरोप नहीं लगाया गया है. फिलहाल पुलिस वीडियो और अन्य सबूतों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है.

यह घटना बिहार के जमुई में दो नाबालिग छात्रों के साथ कथित बदसलूकी का वीडियो सामने आने के कुछ ही दिनों बाद सामने आई है. जमुई मामले में भी वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया था.