कन्नड़ फिल्म अभिनेत्री रान्या राव का सोना तस्करी मामला एक बार फिर से चर्चे में है. प्रवर्तन निदेशालय की चार्जशीट में नए खुलासे हुए हैं. इस घटना से लगभग दो साल पहले, इस कन्नड़ एक्ट्रेस और उनके एक साथी के साथ युगांडा के एक गोल्ड एजेंट ने 2 करोड़ की धोखाधड़ी की थी. इसके बाद उन्होंने तस्करी का प्लान बनाया.
रान्या को मार्च 2025 में बेंगलुरु एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था. उस समय रान्या दुबई से लौटी थीं और उन पर आरोप था कि वह अपने शरीर पर छिपाकर 12.56 करोड़ की कीमत का 14 किलो सोना लाई थीं.
मामले पर कार्रवाई करते हुए पिछले महीने चार्जशीट दायर की गई. जिसमें अधिकारियों ने बताया कि राव और उनके साथियों ने मार्च 2024 से मार्च 2025 के बीच भारत में 127.28 किलो सोने की तस्करी की, जिसकी कीमत 102.55 करोड़ थी. इस सोने को बाद में हैंडलर्स और जौहरियों के एक नेटवर्क के जरिए घरेलू बाजार में बेच दिया गया.
इस मामले की जांच में अधिकारियों ने अब नया खुलासा किया है. मिल रही जानकारी के मुताबिक राव और उनके साथी, तरुण कोंडुरु राजू ने दुबई से सोने की तस्करी करने से पहले, युगांडा समेत अफ्रीकी देशों में मौजूद सप्लायर्स से सोना हासिल करने की कोशिश की थी. इतना ही नहीं उन्होंने 2023 में दुबई में वीरा डायमंड्स ट्रेडिंग LLC नाम की एक कंपनी भी खोली थी. यह कंपनी केवल इसलिए खोली गई थी, ताकि इसकी लेनदेन आसान हो सके.
चार्जशीट का हवाला देते हुए अधिकारी ने कहा कि उन्हें सलाह दी गई थी कि अफ़्रीकी खदानें ही दुबई के बाजारों के लिए सोने का मुख्य स्रोत हैं, इसलिए उन्होंने सीधे अफ़्रीका से ही सोना खरीदने की कोशिश की. राव और उसके साथी ने युगांडा में किसी एजेंट से संपर्क किया था. दोनों पक्ष 5 किलो सोने के ट्रायल पर बात बनी. इसके बाद 50 किलो सोने का एक बड़ा सौदा होना था, लेकिन रान्या को धोखा मिला. इस मामले को लेकर देश से लेकर विदेशों तक के सारे लिंक खंगाले जा रहे हैं. अभी इस मामले में और भी कई बड़े डिलर के नाम सामने आ सकते हैं.