menu-icon
India Daily

Darjeeling Landslide: दार्जलिंग में बारिश और भूस्खलन से मरने वालों का आंकड़ा 18 पहुंचा, प्रभावित क्षेत्रों का कल दौरा करेंगी CM ममता

सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर किए गए एक पोस्ट में CM ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए और कहा कि वह स्थिति का जायजा लेने के लिए 6 अक्टूबर को अपने मुख्य सचिव के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगी.

Kanhaiya Kumar Jha
Darjeeling Landslide: दार्जलिंग में बारिश और भूस्खलन से मरने वालों का आंकड़ा 18 पहुंचा, प्रभावित क्षेत्रों का कल दौरा करेंगी CM ममता
Courtesy: X

Darjeeling Landslide: पश्चिम बंगाल के दार्जलिंग में भूस्खलन से भारी तबाही हुई है. दार्जिलिंग में पुल टूटने और कई जगहों पर लैंडस्लाइड से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. इस आपदा में अबतक 18 लोगों की मौत हो गई और कई लोग लापता हैं. लापता लोगों की लगातार तलाश की जा रही है, साथ ही युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य जारी है. वही हादसे में लोगों की मौत पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शोक व्यक्त किया है, साथ ही प्रभावितों के लिए मुआवजे की भी घोषणा की है.

सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर किए गए एक पोस्ट में CM ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए और कहा कि वह स्थिति का जायजा लेने के लिए 6 अक्टूबर को अपने मुख्य सचिव के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगी. उन्होंने प्रभावित लोगों के लिए मुआवजे की भी घोषणा की, लेकिन राशि का खुलासा नहीं किया. लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने महत्वपूर्ण सड़कों को काट दिया है, पुलों को नुकसान पहुंचाया है और आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है.

भूस्खलन की वजह से बहा घर, वाहनों की आवाजाही ठप

दरअसल, शनिवार रात मिरिक-सुखियापोखरी मार्ग के पास एक बड़ा भूस्खलन हुआ, जिसमें घर बह गए और वाहनों की आवाजाही ठप हो गई. दार्जिलिंग के उप-मंडल अधिकारी ने शुरुआती मौतों की पुष्टि की लेकिन कहा कि आंकड़े बढ़ सकते हैं. उन्होंने कहा कि कल रात से भारी बारिश के कारण दार्जिलिंग उपखंड में एक बड़े भूस्खलन के कारण कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई है. हमारे पास अभी सटीक आंकड़े नहीं हैं क्योंकि बचाव और राहत कार्य अभी शुरू हुआ है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण अर्थमूवर्स और आपातकालीन वाहनों के लिए घटनास्थल तक पहुंचना बेहद मुश्किल हो गया है.

प्रधानमंत्री मोदी ने भी दार्जिलिंग त्रासदी पर जताया दुख 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दार्जिलिंग त्रासदी पर दुख जताया है और मारे गए लोगों के लिए संवेदना व्यक्त की है. एक्स पर किए गए एक पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा कि दार्जिलिंग में जानमाल के नुकसान से गहरा दुख हुआ. उन लोगों के प्रति संवेदना जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है. घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं. भारी बारिश और भूस्खलन के मद्देनजर दार्जिलिंग और आसपास के इलाकों की स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है. हम प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.