menu-icon
India Daily

Congress Reshuffle: मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस में किया फेरबदल, सिर्फ एक OBC को मिली जगह

Congress Reshuffle: लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस संगठन में बड़ा बदलाव किया गया है. 12 महासचिवों और 12 प्रभारियों को नियुक्त किया, इनमें आधे से ज्यादा अगड़ी जातियों के नेता हैं.

Amit Mishra
Edited By: Amit Mishra
Congress Reshuffle: मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस में किया फेरबदल, सिर्फ एक OBC को मिली जगह

Congress Reshuffle: कांग्रेस पार्टी में नियुक्त किए नए 12 महासचिवों में अन्य पिछड़ा वर्ग से केवल एक नेता को जगह मिली है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार (23 दिसंबर) को 12 महासचिवों और 12 प्रभारियों को नियुक्त किया, इनमें आधे से ज्यादा अगड़ी जातियों के नेता हैं. कांग्रेस में हुए फेरबदल के बाद अब राहुल गांधी के पिछले दिनों जातीय गणना और ओबीसी की भागीदारी पर दिए गए बयानों का जिक्र हो रहा है. 

इन्हें बनाया गया महासचिव

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा को उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी पद से मुक्त कर दिया गया है. वो महासचिव नियुक्त की गई हैं. सचिन पायलट को छत्तीसगढ़ कांग्रेस का प्रभारी नियुक्त किया गया. रमेश चेन्निथला को महाराष्ट्र का प्रभारी बनाया गया है. कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से जिन नेताओं को महासचिव के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है, उनमें मुकुल वासनिक, प्रियंका गांधी वाड्रा (बगैर किसी पोर्टफोलियो), जितेंद्र सिंह, रणदीप सिंह सुरजेवाला, दीपर बाबरिया, सचिन पायलट, अविनाश पांडे, कुमारी शैलजा, जीए मीर, दीपदास मुंशी, जयराम रमेश और केसी वेणुगोपाल शामिल हैं. वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल कांग्रेस के संगठन महासचिव बने रहेंगे.

ये कांग्रेस नेता बनाए गए राज्यों के प्रभारी

कांग्रेस अध्यक्ष ने रमेश चेन्निथला को महाराष्ट्र, मोहन प्रकाश को बिहार, चेल्लाकुमार को मेघालय, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश, अजॉय कुमार को ओडिशा (इन्हें तमिलनाडु और पुडुचेरी का एडिशनल चार्ज भी दिया गया है), भरत सिंह सोलंकी को जम्मू-कश्मीर, राजीव शुक्ला को हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ का प्रभारी नियुक्त किया है. सुखजिंदर सिंह रंधावा को राजस्थान, देवेंदर यादव को पंजाब, माणिकराव ठाकरे को गोवा, दमन दीव, दादरा और नगर हवेली, गिरीश चोडनकर को त्रिपुरा, सिक्किम, मणिपुर और नगालैंड, मणिकम टैगोर को आंध्र प्रदेश, अंडमान और निकोबार का प्रभारी नियुक्त किया गया है. वहीं, गुरदीप सिंह सप्पल को प्रशासनिक प्रभारी बनाया गया है. वहीं, कोषाध्यक्ष पद पर अजय माकन बरकरार हैं.