Jharkhand: कांग्रेस ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए दावा किया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ही हालिया टिप्पणी प्रधानमंत्री मोदी को लेकर थी. बता दें कि भागवत ने मंगलवार को झारखंड के विष्णुपुर में संघ के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा था कि इंसान की महत्वाकांक्षा का कोई अंत नहीं है.
इंसान भगवान बनना चाहता है
उन्होंने कहा, 'पहले इंसान सुपरमैन बनना चाहता है, लेकिन वह यहीं नहीं रुकता, इसके बाद वह देवता बनना चाहता है लेकिन जब उसे पता चलता है कि देवताओं से बड़ा भगवान है तो फिर वह भगवान बनना चाहता है, लेकिन भगवान कहते है कि वह विश्वरूप हैं. कोई नहीं जानता कि उससे भी बड़ा कुछ है कि नहीं.'
I am sure the self-anointed non-biological PM has got news of this latest Agni Missile, fired by Nagpur from Jharkhand and aimed at Lok Kalyan Marg https://t.co/zjJswu6vPd
— Jairam Ramesh (@Jairam_Ramesh) July 18, 2024
हमें मानवजाति के कल्याण के लिए निरंतर काम करना चाहिए
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि हमें मानव समाज के कल्याण के लिए निरंतर काम करते रहना चाहिए क्योंकि काम का कोई अंत नहीं. उन्होंने कहा जब भी आप किसी अंत पर पहुंचते हैं आपको समझ आता है कि अभी और किया जा सकता है. आगे बढ़ने का अंत नहीं. विकास का कोई अंत नहीं हो सकता.
मोहन भागवत के बयान पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने टिप्पणी करते हुए पीएम मोदी पर तंज कसा है. उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'मुझे यकीन है कि स्वयंभू नॉन-बायोलॉजिकल प्रधानमंत्री को इस ताजा अग्नि मिसाइल की खबर मिल गई होगी, जिसे नागपुर ने झारखंड से लोक कल्याण मार्ग को निशाना बनाकर दागा है.'
भगवान ने मुझे एक उद्देश्य के लिए भेजा है
हालांकि भागवत ने अपने बयान में कहीं भी पीएम मोदी का नाम नहीं लिया था लेकिन कांग्रेस ने उनके बयान को पीएम मोदी से जोड़ा है. दरअसल, एक चुनावी सभा के दौरान पीएम मोदी ने कहा था, 'भगवान ने मुझे एक उद्देश्य के लिए भेजा है.' एक अन्य इंटरव्यू के दौरान पीएम ने कहा था, 'जब तक मेरी मां जीवित थीं, मैं सोचता था कि मैं जैविक रूप से पैदा हुआ हूं. उनके निधन के बाद, जब मैं अपने अनुभवों को देखता हूं, तो मुझे यकीन हो जाता है कि मुझे भगवान ने भेजा है. यह ताकत मेरे शरीर से नहीं है. यह मुझे भगवान द्वारा दी गई है.'