कोयंबटूर के थोंडामुथुर इलाके में एक युवती के घर के बाहर पेट्रोल बम से हमले की चौंकाने वाली घटना सामने आई है. इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस के मुताबिक यह हमला युवती के पूर्व प्रेमी ने ब्रेकअप से नाराज होकर किया है. गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है.
यह घटना थोंडामुथुर के पास कलिक्कनायकेनपालयम में हुई है. जानकारी के अनुसार जिस वक्त हमला हुआ उस समय युवती घर के अंदर पढ़ाई कर रही थी. सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि दिन के समय जब सब कुछ शांत था तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक घर के पास पहुंचते हैं और कुछ ही पलों में घर के प्रवेश द्वार के पास एक जोरदार आग का गोला दिखाई देता है. आरोप है कि आरोपियों ने केरोसिन से भरी बोतल घर पर फेंकी थी.
वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि आग की लपटें बरामदे में खड़ी एक लाल रंग की स्कूटी के पास तेजी से फैल गईं. घर के गेट के पास काला धुआं इस कदर उठा कि आग देखकर कोई भी सहम जाए. हालांकि आग घर के बाहरी हिस्से तक ही सीमित रही जिससे परिवार बाल-बाल बच गया.
पुलिस ने मुख्य आरोपी की पहचान चेन्नई के रहने वाले कार्तिक उर्फ मारियप्पन के रूप में की है. बताया जा रहा है कि कोयंबटूर में कॉलेज की पढ़ाई के दौरान कार्तिक और युवती रिलेशनशिप में थे. युवती के पिता सुंदरमूर्ति के अनुसार जब बेटी को पता चला कि कार्तिक पर हत्या और डकैती जैसे 31 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं तो उसने उससे रिश्ता तोड़ लिया.
यहां देखें वीडियो
தொண்டாமுத்தூர் பகுதியில் காதலிக்க மறுத்த பெண்ணின் வீட்டில் பெட்ரோல் குண்டு வீசிய இளைஞர். pic.twitter.com/4EeVaUUyks
— Senthilkumar Subramaniam 👨👩👧👦 (@Senthil_TNIE) May 25, 2026
जांच में सामने आया है कि ब्रेकअप के बाद भी कार्तिक युवती को लगातार परेशान और प्रताड़ित कर रहा था. रविवार शाम को वह अपने तीन साथियों के साथ दो मोटरसाइकिलों पर वहां पहुंचा. हमले से ठीक पहले इन लोगों ने घर के बाहर खड़े युवती के पिता को धमकी भी दी थी. पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने केरोसिन से भरी कई बोतलें घर की ओर फेंकीं थी. इनमें से एक बोतल बरामदे में रखे जूतों के रैक के पास फटी जिससे वहां रखे जूतों में आग लग गई.
सुंदरमूर्ति की शिकायत पर थोंडामुथुर पुलिस ने कार्तिक और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की स्पेशल टीमें बनाई गई हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी है.