कॉकरोच जनता पार्टी, कुछ दिनों के भीतर काफी फेमस हो गई. सोशल मीडिया और आज के युवाओं के बीच इस पार्टी की चर्चा होने लगी. पार्टी के साथ उसके संस्थापक अभिजीत दिपके के नाम को लेकर भी काफी रिसर्च शुरू हो गए. बढ़ती पॉपुलैरिटी के बीच पुलिस ने उनके घर की सुरक्षा बढ़ा दी है.
मिल रही जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के एमआईडीसी वलुज इलाके में अभिजीत के घर की सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात की गई हैं. काफी कम दिनों के भीतर काफी ज्यादा चर्चित हो जाने की वजह से उनके घर की सुरक्षा का खास ख्याल रखा गया है.
बता दें कि भारत के मुख्य न्यायाधीश यानी सीजीआई सूर्यकांत ने एक मामले की सुनवाई के दौरान आज के युवाओं पर निशाना साधते हुए उनकी तुलना कॉकरोच से की थी. जिसके बाद दिपके ने डिजिटल दुनिया और आज के युवाओं की ताकत को दिखाते हुए सोशल मीडिया पर कॉकरोच पार्टी नाम से अकाउंट बनाया.
इस पार्टी की ओर से 5 वादे किए गए. जिसकी चर्चा पूरी सोशल मीडिया पर फैल गई. मुख्य रूप से इस पार्टी ने आज के युवाओं को बेरोजगार होने के पीछे सरकार को जिम्मेदार ठहराया. इसके अलावा पार्टी की ओर से पेपर लीक, बेरोजगारी, शिक्षा समेत अन्य मुद्दों से जुड़े मीम्स और टिप्पणियां शेयर की जाने लगी. जिसके कारण यह पार्टी आज के युवाओं की नजर में तुरंत आ गई. कुछ दिनों के भीतर पार्टी के लाखों फॉलोअर्स बन गए.
अभिजीत दिपके के घर की सुरक्षा बढ़ाने के बारे में जानकारी देते हुए संभाजीनगर पुलिस थाने की ओर से कहा गया कि इन्हें लेकर कोई धमकी नहीं मिली है. लेकिन कम समय में ज्यादा लोकप्रियता मिलने के कारण एहतियात के तौर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. बता दें कि अभिजीत ने शनिवार को सोशल मीडिया अकाउंट के सस्पेंड होने पर गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि उनके अकाउंट के साथ छेड़छाड़ की गई है. उन्होंने इसका विरोध जताया और इसे तुरंत वापस लाने की मांग की है.