सोचिए, सुबह-सुबह आप वॉशरूम जाएं और गेट खोलते ही सामने काला कोबरा फन फैलाए बैठा हो, यकीनन आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे. ऐसा ही खौफनाक मंजर कोटा के एमबीएस और जेके लोन अस्पताल परिसर में बने पीजी हॉस्टल में देखने को मिला. एक रेजिडेंट डॉक्टर जैसे ही वॉशरूम में दाखिल हुए, वहां से जोरदार फुफकार सुनाई दी. इसके बाद पूरे हॉस्टल में दहशत फैल गई.
कोटा शहर के नयापुरा इलाके में देर रात यह घटना हुई. एमबीएस और जेके लोन अस्पताल परिसर में स्थित पीजी हॉस्टल के वॉशरूम के कमोड से अचानक करीब पांच फीट लंबा काला कोबरा बाहर निकल आया. और वह फन फैलाकर वहीं बैठ गया. जब डॉक्टर मुदित शर्मा वॉशरूम में दाखिल हुए, तो कोबरा ने तेज फुफकार मारी. घबराकर डॉक्टर तुरंत बाहर निकल आए और बाकी रेजिडेंट्स को इस खतरनाक स्थिति की जानकारी दी.
कोबरा को देखकर पूरे हॉस्टल में खौफ का माहौल बन गया. कुछ डॉक्टरों ने साहस जुटाकर उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन वे नाकाम रहे. सांप की आक्रामक हरकतों ने डॉक्टरों को और डरा दिया. मजबूर होकर उन्होंने स्नेक कैचर को बुलाने का फैसला किया.
कोटा : रेजिडेंट डॉक्टर्स होस्टल के बाथरूम में बैठे कोबरा ने मचाई दहशत, स्नेक केचर ने किया रेस्क्यू #video | #rajasthan | #kota#GunsNRoses #POCOBBDPriceReveal pic.twitter.com/ze7uNIbeNn
— India first (@AnubhawMani) September 15, 2025
सूचना पर पहुंचे स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने मौके पर पहुंचकर पूरा मुआयना किया. सांप को वॉशरूम से बाहर निकालना आसान नहीं था. काफी कोशिशों और सावधानी से आखिरकार उन्होंने कोबरा को सुरक्षित पकड़ा. बाद में उसे लाडपुरा के जंगल में छोड़ दिया गया. वन विभाग को भी इसकी जानकारी दी गई.
जैसे ही कोबरा को बाहर निकाला गया, हॉस्टल में रह रहे डॉक्टरों और छात्रों ने राहत की सांस ली. सभी ने माना कि अगर वक्त पर सांप को नहीं पकड़ा जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था. बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर के आसपास घनी झाड़ियां और पेड़ हैं, जिसके कारण अक्सर सांप और अन्य जंगली जानवर यहां पहुंच जाते हैं.