चेन्नई: चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एयर अरेबिया की फ्लाइट में एक यात्री ने टैक्सींग के दौरान इमरजेंसी एग्जिट गेट खोल दिया. इस घटना से विमान में सवार यात्रियों में डर का माहौल बन गया और पायलट को तुरंत विमान रोकना पड़ा.
जानकारी के मुताबिक एयर अरेबिया की फ्लाइट शारजाह से चेन्नई पहुंची थी. विमान में कुल 231 यात्री सवार थे. फ्लाइट लैंड करने के बाद जब विमान टैक्सीवे पर टर्मिनल की ओर बढ़ रहा था, तभी 34 वर्षीय एक यात्री ने अचानक इमरजेंसी एग्जिट दरवाजा खोल दिया.
यात्री की इस हरकत से विमान में अफरा-तफरी मच गई. सहयात्री घबरा गए और कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई. पायलट ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए विमान को रोका और एयरपोर्ट अधिकारियों को घटना की जानकारी दी.
सूचना मिलते ही सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स के जवान, बम निरोधक दस्ते के विशेषज्ञ और अन्य सुरक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे. सुरक्षा टीम ने विमान की जांच की और स्थिति को नियंत्रण में लिया.
पायलट ने घटना को लेकर अधिकारियों के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद सुरक्षा अधिकारियों ने संबंधित यात्री को हिरासत में ले लिया. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है.
अधिकारियों का कहना है कि यात्री की मानसिक स्थिति का भी आकलन किया जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने यह कदम जानबूझकर उठाया या किसी अन्य वजह से ऐसा हुआ.
विमान के इमरजेंसी एग्जिट केवल आपात स्थिति में इस्तेमाल किए जाते हैं. इन दरवाजों का उपयोग यात्रियों को किसी खतरे की स्थिति में तेजी से बाहर निकालने के लिए किया जाता है. बिना वजह इन्हें खोलना गंभीर सुरक्षा जोखिम पैदा कर सकता है.
इस घटना के बाद एयरपोर्ट सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है. हालांकि अधिकारियों ने कहा कि स्थिति पर तुरंत नियंत्रण पा लिया गया और किसी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा. फिलहाल मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं.