नई दिल्ली: 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे सपा प्रमुख अखिलेश यादव इन दिनों योगी सरकार पर खासे हमलावर है. फतेहपुर जिले के दौरे पर पंहुचे अखिलेश यादव लोक जागरण अभियान के जरिए चुनाव प्रचार में हिस्सा लिया. जहां उन्होंने सूबे की बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा.
अखिलेश यादव ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि "प्रदेश में अभी बुलडोजर वाली सरकार है. हमारे पुलिस कर्मी बहुत अनुशासन में रहते हैं जो आदेश दिया जाता है उसका पालन करते हैं. बुलडोजर के जरिये अभी गरीबों के घर गिराने का ऑर्डर चल रहा है लेकिन जब समाजवादी पार्टी की सरकार आएगी तो गरीब के घर पर नहीं हमारा बुलडोजर 8 और 10 मंजिला इमारतों पर चलेगा.
अपने बयान में अखिलेश यादव ने आगे कहा कि बुलडोजर वाली बीजेपी सरकार सबसे बड़ी भूमाफिया बीजेपी सरकार है. अयोध्या में बीजेपी नेताओं ने सबसे ज्यादा जमीन पर कब्जा किया है. पिछड़े, दलितों, अल्पसंख्यकों पर अन्याय, अत्याचार कर रही है लेकिन याद रखें बुलडोजर का दिमाग नहीं होता है लेकिन जब प्रदेश में सरकार बदलेगी तो बुलडोजर की दिशा बदल जाएगी.
अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर उत्तर प्रदेश को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए बिजली, स्वास्थ्य,भ्रष्टाचार समेत तमाम मुद्दों पर योगी सरकार को घेरा. बीजेपी पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि “बीजेपी की विचारधारा के लोगों और उनके मातृ संगठन ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में हुए भारत छोड़ो आंदोलन का विरोध किया था. उसी को छिपाने के लिए अब घर-घर झंडा लगाने का काम करते हैं. बीजेपी के लोगों ने अंग्रेजो के खिलाफ भारत छोड़ो आंदोलन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, क्रांतिकारियों और समाजवादियों का साथ नहीं दिया था”
अखिलेश यादव ने अपने बयान में आगे कहा कि "बीजेपी के तमाम करीबी उद्योगपति बैंकों से पैसा लेकर भारत से फरार हो गए. इस लिस्ट में बेंगलुरु के उद्योगपति से लेकर गुजरात के कारोबारियों तक के नाम शामिल हैं. जनता यह सब जानती है.बीजेपी सरकार ने डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस के दाम बहुत बढ़ा दिए हैं. महंगाई आसमान पर है. बीजेपी गरीबों की जेब काटकर अमीरों की जेब भर रही है"