menu-icon
India Daily

संसद की सुरक्षा में सेंध, दीवार फांदकर गरुड़ द्वार तक पहुंचा शख्स

संसद भवन की सुरक्षा में आज सुबह सेंध लगने की खबर है. एक शख्स दीवार से कूदकर संसद भवन के अंदर जा पहुंचा. वह पेड़ पर चढ़कर संसद के अंदर जा पहुंचा. आरोपी शख्स रेल भवन की तरफ़ से दीवार कूद कर नई संसद भवन के गरुड़ द्वार तक पहुंच गया था. वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ा. उससे अब पूछताछ किया जा रहा है.

Gyanendra Sharma
संसद की सुरक्षा में सेंध, दीवार फांदकर गरुड़ द्वार तक पहुंचा शख्स
Courtesy: Social Media

Parliament News: संसद भवन की सुरक्षा में आज सुबह सेंध लगने की खबर है. एक शख्स दीवार से कूदकर संसद भवन के अंदर जा पहुंचा. वह पेड़ पर चढ़कर संसद के अंदर जा पहुंचा. आरोपी शख्स रेल भवन की तरफ़ से दीवार कूद कर नई संसद भवन के गरुड़ द्वार तक पहुंच गया था. वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ा. उससे अब पूछताछ किया जा रहा है. फिलहाल उसकी पहचान उजागर नहीं की गई है, और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसका मकसद क्या था.

जानकारी के अनुसार, यह व्यक्ति संसद भवन के बाहरी परिसर में लगे एक पेड़ पर चढ़ा और फिर दीवार पर पहुंचकर अंदर कूद गया. संसद भवन की सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया. यह घटना नई संसद भवन के गरुड़ द्वार के पास हुई, जो हाल ही में बने इस भवन का एक प्रमुख प्रवेश द्वार है. राज्यसभा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि व्यक्ति ने पेड़ का सहारा लेकर दीवार फांदी. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसका इरादा क्या था और वह संसद भवन में क्यों घुसना चाहता था.

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

यह घटना संसद भवन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है. संसद भवन, जहां देश के महत्वपूर्ण कानून बनते हैं और शीर्ष नेताओं की मौजूदगी रहती है, वहां ऐसी चूक चिंता का विषय है. यह पहली बार नहीं है जब संसद भवन की सुरक्षा को लेकर सवाल उठे हैं. पिछले वर्ष भी कुछ लोग संसद भवन परिसर में धुआं छोड़ने की घटना को अंजाम दे चुके हैं, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की बात कही गई थी. इस बार की घटना ने एक बार फिर सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा की जरूरत को उजागर किया है.

हिरासत में लिए गए व्यक्ति से सुरक्षा एजेंसियां गहन पूछताछ कर रही हैं. प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या यह व्यक्ति अकेला था या इसके पीछे कोई बड़ा मंसूबा था.