menu-icon
India Daily

'बिहार चुनाव की लिस्ट में बांग्लादेशी मिले लेकिन पहलगाम के हत्यारे नहीं', ओवैसी का केंद्र पर हमला

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मी बढ़ती जा रही है. इसी क्रम में AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने मोदी सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि सरकार के पास बिहार मतदाता सूची से बांग्लादेशियों, रोहिंग्याओं और नेपालियों को निकालने का समय है, लेकिन यह पता नहीं कर पा रहे हैं कि पहलगाम में हमला कैसे हुआ?

shanu
Edited By: Shanu Sharma
'बिहार चुनाव की लिस्ट में बांग्लादेशी मिले लेकिन पहलगाम के हत्यारे नहीं', ओवैसी का केंद्र पर हमला
Courtesy: Social Media

Asaduddin Owaisi: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है. चुनाव से पहले बिहार की मतदाता सूची से लगभग 35 लाख लोगों का नाम लिस्ट से हटा दिया गया है. ये लिस्ट वैसे लोगों की है जो या तो दूसरे जगह पूरी तरह से शिफ्ट हो चुके हैं या फिर इनका नाम दो जगहों पर दर्ज है. इसके अलावा ऐसे भी कुछ लोगों हैं जिनका निधन हो चुका है या फिर फर्जी नाम और पहचान है. अब चुनाव आयोग के इस एक्शन को लेकर एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने निशाना साधा है. 

असदुद्दीन ओवैसी ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार बिहार चुनाव से पहले वहां की मतदाता सूची से बांग्लादेशियों, रोहिंग्याओं और नेपालियों की पहचान कर रही है लेकिन उनके यह पता लगाने में फेल हो रही है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में दिनदहाड़े आतंकवादी कैसे घुस आए और 26 पर्यटकों की हत्या कर दी.

पहलगाम हमले की जांच क्यों नहीं कर पा रही सरकार?

ओवैसी ने बुधवार रात तेलंगाना के बोधन कस्बे में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पूछा कि आप बिहार में बांग्लादेशियों, रोहिंग्याओं और नेपालियों को तो ढूंढ लेते हैं, लेकिन पहलगाम में आतंकवादी कैसे घुसे, इसकी जांच क्यों नहीं कर पा रहे हैं? इसी के साथ उन्होंने यह भी कहा कि जब तक पहलगाम हमले में शामिल आतंकवादियों का पता नहीं चल जाता, तब तक ऑपरेशन सिंदूर को नहीं रोका जाना चाहिए. साथ ही उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि जबतक आतंकवादियों के बारे में पता नहीं कर लिया जाता तब तक वह सरकार से कड़े सवाल पूछते रहेंगे. ओवैसी ने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि जब आतंकवादी हमारे घर में घुसकर हमारे हिंदू भाइयों पर हमला कर थे तब क्या आप सो रहे थे? 

सुरक्षा व्यवस्था की विफलता 

AIMIM अध्यक्ष ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि घटना तब हुई और अब जुलाई में आप गलती मान रहे हैं. इस दौरान ओवैसी ने मनोज सिन्हा के उन स्वीकारोक्ति का हवाला दिया, जिसमें सिन्हा ने भारतीय समाचार चैनल के सामने सुरक्षा विफलता की बात करते हुए, इसकी पूरी जिम्मेदारी ली थी. इस दौरान उन्होंने कहा था कि पहलगाम में जो कुछ हुआ वह बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण था. इसमें निर्दोष लोगों को निशाना बनाया गया. उन्होंने इस हत्या की पूरी जिम्मेदारी ली और कहा कि यह एक सुरक्षा विफलता थी. ओवैसी ने अपने भाषण के दौरान सरकार का ध्यान पड़ोसी मुल्कों को ओर केंद्रित करने का अनुरोध किया.