Arunachal Pradesh First Coronavirus Case: अरुणाचल प्रदेश में कोविड-19 की पहली लहर चल पड़ी है. यहां पर कोविड का पहला मामला सामने आया है. राज्य स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, 27 मई को एक महिला और उसकी बेटी संक्रमित पाए गए हैं. इनका टेस्ट आरटी-पीसीआर मेथड के जरिए किया गया. यह टेस्ट स्टेट सर्विलांस ऑफिसर डॉ. लोबसंग जाम्पा ने किया.
34 साल की इस गर्भवती महिला को पहले हल्की खांसी और बुखार जैसे लक्षण दिखे. इसके बाद इसने रैपिड एंटीजन टेस्ट (आरएटी) कराया और टेस्ट पॉजिटिव आया. शुरुआती नतीजों के बाद, अगले दिन एक और आरटी-पीसीआर टेस्ट किया गया और वो भी पॉजिटिव आया. डॉ. जाम्पा ने कहा कि महिला ने हाल ही में 13 मई को बेंगलुरु से ईटानगर की यात्रा की थी.
आगे की जांच से पता चला कि महिला की 53 वर्षीय मां को भी वायरस का संक्रमण है, जिसकी पुष्टि आरटी-पीसीआर टेस्टिंग से हुई है. हालांकि, इस समय मां में कोई लक्षण नहीं है. गर्भवती महिला को वर्तमान में अस्पताल में चिकित्सा देखभाल मिल रही है, जबकि उसकी मां को संक्रमण के जोखिम को कम करने के लिए अलग रखा गया है.
डॉ. जाम्पा ने इस बात पर जोर दिया कि लोगों में घबराने की कोई जरूरत नहीं है, उन्होंने भरोसा दिलाया कि वायरस का मौजूदा वेरिएंट पहले के वेरिएंट से कम गंभीर है. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य अधिकारी एक्टिव रूप से स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए कई कदम उठा रहे हैं.
डॉ. जाम्पा ने बताया कि जल्द ही एक व्यापक सार्वजनिक स्वास्थ्य सलाह जारी की जाएगी. यह सलाह नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) के विशेषज्ञों के सहयोग से तैयार की जाएगी. साथ ही लोगों से सभी जरूरी प्रोटोकॉल फॉलो करने का आग्रह किया गया है.