menu-icon
India Daily

क्या 2029 में कांग्रेस अमेरिका के डेमोक्रेट्स की तरह करिश्मा कर सकती है? शशि थरूर ने दिया जवाब

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि अमेरिका में ट्रंप की पार्टी को मिले झटके से कांग्रेस को प्रोत्साहन मिल सकता है, लेकिन भारतीय राजनीति की परिस्थितियां अलग हैं.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
क्या 2029 में कांग्रेस अमेरिका के डेमोक्रेट्स की तरह करिश्मा कर सकती है? शशि थरूर ने दिया जवाब
Courtesy: X

कांग्रेस नेता और केरल के तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर ने कहा है कि उनकी पार्टी दुनिया के दूसरे देशों में सत्तारूढ़ दक्षिणपंथी और लोकलुभावन नेताओं को मिल रहे राजनीतिक झटकों से प्रेरणा ले सकती है. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दूसरे देशों के राजनीतिक घटनाक्रम को भारत में चुनाव जीतने का सीधा फॉर्मूला नहीं माना जा सकता.

CNN-News18 से बातचीत में थरूर से पूछा गया कि क्या अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को मिले झटके से कांग्रेस 2029 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी को चुनौती देने की रणनीति तैयार कर सकती है?

इस पर उन्होंने कहा कि समझदार लोग हमेशा दूसरे देशों के उदाहरणों और समान परिस्थितियों को देखते हैं, ताकि अपने तर्कों को मजबूती दे सकें. हालांकि, हर देश की राजनीतिक परिस्थितियां अलग होती हैं.

सत्ता विरोधी लहर से कांग्रेस को उम्मीद

थरूर ने कहा कि कांग्रेस को उम्मीद है कि सत्ता विरोधी लहर बीजेपी के खिलाफ भी काम कर सकती है. अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप और उनकी रिपब्लिकन पार्टी को भी इसी तरह की राजनीतिक चुनौती का सामना करना पड़ा है.

भारत-अमेरिका संबंधों पर क्या बोले थरूर?

अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए थरूर ने भारत-अमेरिका संबंधों पर भी बात की. उन्होंने कहा कि चुनावी नतीजों के बावजूद ट्रंप के पास विदेश नीति से जुड़े फैसले लेने की काफी स्वतंत्रता रहेगी. ऐसे में भारत को उनके साथ बातचीत और कूटनीतिक समझौते जारी रखने होंगे.

थरूर के मुताबिक, चुनावी नतीजों के बाद ट्रंप विदेश नीति के मोर्चे पर पहले से ज्यादा स्वतंत्र होकर फैसले ले सकते हैं, क्योंकि अब उन्हें अगले चुनाव का सामना नहीं करना पड़ेगा.

अमेरिकी चुनाव में डेमोक्रेट्स को बढ़त

3 नवंबर को हुए अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी ने प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों में बहुमत हासिल कर लिया. इससे रिपब्लिकन पार्टी का कांग्रेस पर नियंत्रण समाप्त हो गया. अब ट्रंप प्रशासन के फैसलों की जांच और उन पर राजनीतिक निगरानी बढ़ने की उम्मीद है.