menu-icon
India Daily

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने साइकिल चलाकर PDA यात्रा को किया रवाना, BJP पर साधा जमकर निशाना

PDA Yatra Samajwadi Party: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने साइकिल चलाकर 'पीडीए' साइकिल यात्रा की शुरूआत की.

Avinash Kumar Singh
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने साइकिल चलाकर PDA यात्रा को किया रवाना,  BJP पर साधा जमकर निशाना

नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने साइकिल चलाकर 'पीडीए' साइकिल यात्रा की शुरूआत की. इस दौरान प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि PDA यात्रा में सब शामिल हैं. जहां हम पिछड़े, दलित अल्पसंख्यक- मुसलमान भाई की बात कर रहे है वहीं PDA आधी आबादी और अगड़े समाज की भी बात कर रहा है. इस यात्रा में सबकी भागीदारी है. ये यात्रा बीजेपी की पोल खोल रही है. जो विकास का काम करवाए वो अगड़ा है और जो उस काम पर सिर्फ फोटो खिंचवाए वो पिछड़ा है. हमने लखनऊ में इतना शानदार इकाना स्टेडियम बनवाया इसलिए हम अगड़े हैं और जिसने कुछ नहीं कराया वह पिछड़ा है."

'सामाजिक न्याय होगा पक्का, जब घूमेगा बदलाव का चक्का'

साइकिल यात्रा के कार्यक्रम को लेकर जगह-जगह बैनर-पोस्टर लगाये देखे जा रहे है. साइकिल यात्रा का कार्यक्रम पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से शुरू होकर जनेश्वर मिश्र पार्क में समाप्त होने से पहले कबीरपुर, इकाना स्टेडियम, पुलिस मुख्यालय और अन्य स्थानों को कवर करेगा. अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा "आज है PDA साइकिल यात्रा, 'सामाजिक न्याय' होगा पक्का, जब घूमेगा बदलाव का चक्का!

अखिलेश यादव का क्या है पीडीए फॉर्मूला? 

अखिलेश यादव की पीडीए फॉर्मूला में पिछड़े वर्ग, दलित और अल्पसंख्यक वोटर्स को साधने का प्लान है. आमतौर पर माय समीकरण यानी कि मुस्लिम और यादव के लिए जानी जाने वाली सपा अब गैर यादव ओबीसी और दलितों में पैठ बनाने की भी कोशिश के तहत पीडीए फॉर्मूला को 2024 के लोकसभा चुनाव में आजमाना चाहती है. ऐसे में देखना यह दिलचस्प होगा कि अखिलेश यादव के इस पीडीए फॉर्मूले पर 2024 में जनता कितना एतबार करती है.

यह भी पढ़ें: PM मोदी ने अंबाजी शक्तिपीठ मंदिर में टेका मत्था, गुजरात दौरे के दौरान कई हजार करोड़ की देंगे सौगात