menu-icon
India Daily

धुरंधर 2 के टीजर से याद आई KITT... 80 के दशक की फ्यूचरिस्टिक कार

धुरंधर 2 का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है. इसके म्यूजिक और फ्यूचरिस्टिक कार ने 80 के दशक के मशहूर शो नाइट राइडर और उसकी सुपरकार KITT की याद ताजा कर दी है.

babli
Edited By: Babli Rautela
धुरंधर 2 के टीजर से याद आई KITT... 80 के दशक की फ्यूचरिस्टिक कार
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: आदित्य धर की फिल्म धुरंधर 2 द रिवेंज इस साल की मोस्टअवेटेड फिल्मों में से एक है. पहले पार्ट की जबरदस्त बॉक्स ऑफिस सफलता के बाद मेकर्स ने अब दूसरे पार्ट का टीजर रिलीज कर दिया है. टीजर आते ही दर्शकों में उत्सुकता और ज्यादा बढ़ गई है. फिल्म में रणवीर सिंह की दमदार मौजूदगी एक बार फिर चर्चा में है. धुरंधर के पहले पार्ट का म्यूजिक भी काफी वायरल हुआ था. बहरीनी रैपर फ्लिपेराची का FA9LA गाना लोगों की जुबान पर चढ़ गया था. अब दूसरे पार्ट के टीजर में इंटरनेशनल पॉप स्टार डोजा कैट का गाना 'AAAHH MEN' इस्तेमाल किया गया है. यह गाना उनके पांचवें स्टूडियो एल्बम Vie का हिस्सा है. इस एनर्जेटिक ट्रैक ने टीजर को अलग ही लेवल पर पहुंचा दिया है.

टीजर देखते ही कई दर्शकों को 80 के दशक का मशहूर टीवी शो 'नाइट राइडर' याद आ गया. खासतौर पर इसका म्यूजिक और फ्यूचरिस्टिक फील नाइट राइडर की थीम से मिलता जुलता नजर आया. इस शो में अहम किरदार निभाने वाले डेविड हैसलहॉफ थे जिनके पास KITT नाम की सुपरकार थी.

KITT थी 80 के दशक की असली हीरो

नाइट राइडर में माइकल नाइट नाम का किरदार अपराधियों से लड़ता था. लेकिन उसकी सबसे बड़ी ताकत थी उसकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लैस कार KITT. KITT का पूरा नाम 'नाइट इंडस्ट्रीज टू थाउजेंड' था. यह कार बोल सकती थी. खुद फैसले ले सकती थी और माइकल को हर मुश्किल से बाहर निकालती थी. यही वजह थी कि KITT उस दौर की सबसे फ्यूचरिस्टिक कार मानी जाती थी.

किस कार पर आधारित थी KITT?

KITT को 1982 की Pontiac Firebird Trans Am पर तैयार किया गया था. यह कार अपनी लो हाइट नोज और स्प्लिट ग्रिल की वजह से दूर से ही पहचानी जाती थी. इसमें पॉप अप क्वार्ट्ज हैलोजन हेडलैंप लगे थे. कार का डिजाइन उस समय से काफी आगे माना जाता था. KITT में उस दौर के हिसाब से बेहद एडवांस फीचर्स थे. इसमें ऑटोनॉमस ड्राइविंग की झलक मिलती थी. यह अपने आसपास की रुकावटों को पहचान सकती थी. सुपरकंप्यूटर से चलने वाली यह कार माइकल नाइट से बात भी करती थी. यही वजह थी कि यह सिर्फ एक गाड़ी नहीं बल्कि शो का अहम किरदार बन गई थी.

Pontiac Firebird Trans Am असल जिंदगी में भी एक आइकॉनिक कार मानी जाती है. इसमें 5.0 लीटर V8 इंजन दिया गया था जो करीब 165 हॉर्स पावर की ताकत देता था. इसकी फ्रेमलेस कांच की हैच और अंदर का डिजाइन इसे और खास बनाता था.