NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन ने कई नए चेहरों को राष्ट्रीय चर्चा में ला दिया. इन्हीं में एक नाम है कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास का. जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के साथ हुए प्रदर्शन के दौरान सौरव दास पार्टी की ओर से लगातार मीडिया के सामने अपनी बात रखते दिखाई दिए. इसके बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में उनके बारे में जानने की उत्सुकता बढ़ गई.
लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, सौरव दास नई दिल्ली में स्वतंत्र खोजी पत्रकार (फ्रीलांस इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट) के रूप में काम करते हैं. वह Climate Action Front के सह-संस्थापक भी हैं. उनकी रिपोर्टिंग का फोकस कानून, शासन, न्यायपालिका, अपराध और पारदर्शिता जैसे विषय रहे हैं. उन्होंने वर्ष 2020 में सक्रिय पत्रकारिता की शुरुआत की, जबकि इससे पहले एक मीडिया संस्थान में इंटर्नशिप के जरिए पत्रकारिता की बुनियादी समझ हासिल की थी. बाद में उन्होंने विभिन्न डिजिटल मीडिया संगठनों के साथ काम करने के बाद स्वतंत्र पत्रकारिता का रास्ता चुना.
सौरव दास ने पिछले कुछ वर्षों में कई शोध-आधारित रिपोर्ट तैयार की हैं, जिन्हें विभिन्न प्रतिष्ठित प्रकाशनों में जगह मिली. सूचना का अधिकार (RTI) से जुड़े मामलों पर भी उन्होंने लगातार काम किया है. फिलहाल वह 'Complicit Silence: The Court's Role in India's Quiet Suffering' नामक पुस्तक लिख रहे हैं. यह पुस्तक भारतीय न्यायपालिका की भूमिका और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर उसके प्रभाव को केंद्र में रखकर तैयार की जा रही है.
कोविड-19 महामारी के दौरान भी सौरव दास सार्वजनिक सूचना तक लोगों की पहुंच सुनिश्चित करने के प्रयासों से जुड़े रहे. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उनके हस्तक्षेप के बाद केंद्रीय सूचना आयोग (CIC) ने महामारी से जुड़े अत्यावश्यक सूचना मामलों की अपीलों के निस्तारण में तेजी लाने का निर्णय लिया था. इस पहल ने उन्हें पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय आवाज के रूप में पहचान दिलाई.
जंतर-मंतर पर NEET और छात्र मुद्दों को लेकर प्रदर्शन की घोषणा के बाद सौरव दास CJP से जुड़े और जल्द ही पार्टी के प्रवक्ता की जिम्मेदारी संभाल ली. पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में युवा चेहरों वाली इस राजनीतिक पहल में उनकी भूमिका लगातार बढ़ती गई और आज शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद देश नहीं पूरी दुनिया के मीडिया में उनका नाम छाया हुआ है.