menu-icon
India Daily

'मुझे किससे मिलना है, यह मैं तय करूंगा', पुलिस अधिकारियों पर भड़के अभिजीत दिपके, Video वायरल

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके का पुलिस अधिकारियों से बहस का वीडियो वायरल हुआ है. उन्होंने समर्थकों से पूछताछ और मुलाकात में दखल का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
'मुझे किससे मिलना है, यह मैं तय करूंगा', पुलिस अधिकारियों पर भड़के अभिजीत दिपके, Video वायरल
Courtesy: @TahalkaindiaCom

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में उनकी महाराष्ट्र पुलिस के कुछ अधिकारियों के साथ तीखी बहस होती दिखाई दे रही है. दिपके ने आरोप लगाया कि उनके घर आने वाले समर्थकों और परिचितों के साथ पुलिस अभद्र व्यवहार कर रही है तथा बिना वजह पूछताछ कर रही है. उनका कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से लोगों को उनसे मिलने से रोका जा रहा है.

'मुझे किससे मिलना है, यह मैं तय करूंगा'

वायरल वीडियो में अभिजीत दिपके पुलिस अधिकारियों से मराठी भाषा में बातचीत करते नजर आते हैं. उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें यह बताने का अधिकार किसी के पास नहीं है कि उनसे कौन मिल सकता है. दिपके ने कहा कि वह स्वयं तय करेंगे कि किस व्यक्ति से मुलाकात करनी है. इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर पुलिस अधिकारी से अपने घर से बाहर जाने के लिए भी कहा. 

बीमारी के बाद घर पर कर रहे हैं आराम

जानकारी के अनुसार, अभिजीत दिपके इन दिनों महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित अपने आवास पर रह रहे हैं. हाल ही में उनकी तबीयत खराब हुई थी, जिसके बाद वह घर पर आराम कर रहे हैं. इसी दौरान उन्होंने अपनी पार्टी के अन्य पदाधिकारियों और नेताओं के साथ बैठक कर संगठन की आगामी रणनीति और कार्यक्रमों पर भी चर्चा की थी. इसके बाद लगातार समर्थकों और शुभचिंतकों का उनके घर आना-जाना बना हुआ है.

सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुआ विवाद

दिपके के घर पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिसकर्मी भी तैनात हैं. इसी दौरान शुक्रवार को पुलिस और अभिजीत दिपके के बीच विवाद की स्थिति पैदा हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. हालांकि, पुलिस की ओर से इस घटना को लेकर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद समर्थक और अन्य सोशल मीडिया यूजर्स इस पूरे घटनाक्रम पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.