menu-icon
India Daily

देश में मौसम का डबल अटैक, कहीं आंधी-तूफान के साथ होगी बारिश तो कहीं हीटवेव का अलर्ट; IMD ने दी ये चेतावनी

देश में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है जहां कई राज्यों में आंधी और बारिश होगी वहीं 6 राज्यों में लू का प्रकोप रहेगा. IMD ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
देश में मौसम का डबल अटैक, कहीं आंधी-तूफान के साथ होगी बारिश तो कहीं हीटवेव का अलर्ट; IMD ने दी ये चेतावनी
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: देशभर में मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है और लोगों को एक साथ कई तरह की परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि 12 से ज्यादा राज्यों में तेज आंधी, गरज और बारिश होने की संभावना है. वहीं दूसरी तरफ 6 राज्यों में भीषण गर्मी और लू चलने के आसार बने हुए हैं.

दिल्ली और आसपास के इलाकों में हाल ही में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान में थोड़ी राहत मिली है. IMD के अनुसार एक सक्रिय तूफानी सिस्टम पश्चिम से पूर्व की ओर बढ़ रहा है, जिसका असर दिल्ली समेत कई इलाकों में देखने को मिलेगा. 

इसके चलते 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली कड़कने की संभावना बनी हुई है. इस स्थिति को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

अन्य राज्यों में कैसी होगी स्थिति?

मौसम विभाग के अनुसार 18 से 22 अप्रैल के बीच उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और झारखंड जैसे राज्यों में लू चलने की संभावना है. खासतौर पर पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में तापमान तेजी से बढ़ सकता है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

इसके अलावा पहाड़ी राज्यों जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर बर्फबारी हो सकती है. वहीं पंजाब में भी हल्की बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है.

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों जैसे अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी तेज हवाओं, बिजली और बारिश की संभावना जताई गई है. कुछ इलाकों में भारी बारिश और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है.

बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी मौसम का यही रुख देखने को मिलेगा.

किन क्षेत्रों में होगी ओलावृष्टि?

दक्षिण भारत में कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल और गोवा में भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हो सकती है. IMD ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें.