menu-icon
India Daily

यूपी-बिहार समेत 15 राज्यों में तूफानी बारिश का खतरा, 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाओं; IMD ने जारी किया अलर्ट

देश के कई हिस्सों में 23 मार्च से फिर मौसम बिगड़ने वाला है. 15 राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली का खतरा है, जिससे तापमान गिरेगा और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
यूपी-बिहार समेत 15 राज्यों में तूफानी बारिश का खतरा, 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाओं; IMD ने जारी किया अलर्ट
Courtesy: grok

मार्च के आखिरी सप्ताह में देश का मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. मौसम विभाग ने 23 मार्च से 26 मार्च तक कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. खासतौर पर पूर्वी और उत्तर भारत के राज्यों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा. तेज हवाएं 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं, जिससे जनजीवन और फसलों पर असर पड़ने की आशंका है. लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है.

उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम का असर

राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 23 से 26 मार्च के बीच तेज बारिश और आंधी का अलर्ट है. इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. पहाड़ी क्षेत्रों में बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है. 26 मार्च को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी मौसम खराब रहने की संभावना है. ऐसे में पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

पूर्वी भारत में तेज गतिविधि

बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 24 से 28 मार्च के बीच मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा. यहां गरज-चमक के साथ बारिश और तेज आंधी चलने की संभावना है. कई जगहों पर हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. आकाशीय बिजली से खतरा बढ़ सकता है, इसलिए किसानों और खुले में काम करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

मध्य और पश्चिम भारत का हाल

छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी 23 से 25 मार्च के बीच आंधी और बिजली गिरने की आशंका है. इन क्षेत्रों में मौसम के बदलते मिजाज का असर तापमान पर भी पड़ेगा और गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है. हालांकि, अचानक मौसम बदलने से फसलों को नुकसान हो सकता है.

दिल्ली-यूपी समेत अन्य राज्यों का अपडेट

दिल्ली में 23 मार्च को बारिश नहीं होगी, लेकिन तेज हवाएं चलेंगी और तापमान सामान्य रहेगा. उत्तर प्रदेश में फिलहाल बारिश की संभावना कम है, लेकिन अगले कुछ दिनों में मौसम बदल सकता है. 27 मार्च के आसपास कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट है. दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जबकि केरल और गोवा में उमस भरा मौसम बना रहेगा.