उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित उत्तर प्रदेश-जापान निवेश सम्मेलन 2026 में एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड और मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड की कुल 3,195 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का वर्चुअल भूमिपूजन किया गया.
दोनों कंपनियों की परियोजनाएं यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण यानी यीडा क्षेत्र में स्थापित की जाएंगी. सरकार के मुताबिक, इन निवेश परियोजनाओं से 10 हजार से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है. इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों के साथ सप्लाई चेन और सहायक उद्योगों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
ट्रैक्टर और निर्माण उपकरण बनाने वाली एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड यीडा के सेक्टर-10 में करीब 2,029 करोड़ रुपये का निवेश कर नई विनिर्माण इकाई स्थापित करेगी. यहां ट्रैक्टर और उपकरणों से जुड़े उत्पाद तैयार किए जाएंगे. परियोजना के पूरा होने पर करीब 3,800 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है.
मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड यीडा में दो बड़े मैन्युफैक्चरिंग प्रोजेक्ट शुरू करने जा रही है. कंपनी इन परियोजनाओं पर करीब 1,166 करोड़ रुपये खर्च करेगी. सरकार के अनुसार, इनसे लगभग 6,440 रोजगार पैदा हो सकते हैं. बड़े औद्योगिक निवेश के साथ स्थानीय कारोबार और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को भी फायदा मिलने की संभावना है.
वर्चुअल भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश निवेश और नवाचार के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है. उन्होंने भारत-जापान संबंधों को साझा सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य लगातार आर्थिक और नीतिगत सुधार कर रहा है.
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारत और जापान के संबंधों को दो संस्कृतियों के संवाद का प्रतीक बताया. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि उत्तर प्रदेश-जापान निवेश सम्मेलन दोनों देशों और उत्तर प्रदेश के यामानाशी प्रांत के बीच संबंधों को और मजबूत करेगा. राज्य सरकार के मुताबिक, पिछले वर्षों में यूपी के बजट, GSDP और प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है.