menu-icon
India Daily

IND vs ENG 4th T20I: इंग्लैंड ने भारत को कुचलकर सीरज पर किया कब्जा, कप्तान श्रेयस अय्यर ने बनाया टी20 इतिहास का सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड

इंग्लैंड ने चौथे टी20 में भारत को 9 विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
IND vs ENG 4th T20I: इंग्लैंड ने भारत को कुचलकर सीरज पर किया कब्जा, कप्तान श्रेयस अय्यर ने बनाया टी20 इतिहास का सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड
Courtesy: X

ब्रिस्टल में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को एकतरफा अंदाज में 9 विकेट से हराकर सीरीज अपने नाम कर ली. इस हार के साथ भारतीय टीम ने कई अनचाहे रिकॉर्ड बना दिए. कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में टीम लगातार हार झेल रही है, जिससे सवाल भी उठने लगे हैं.

इंग्लैंड ने रचा नया इतिहास

इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बनाकर नया इतिहास बना दिया. यह पहला मौका है जब इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ दो या उससे अधिक मैचों की द्विपक्षीय टी20 सीरीज अपने नाम की है. इससे पहले दोनों देशों के बीच खेली गई ज्यादातर सीरीज भारत के नाम रही थीं. साल 2012 की पहली टी20 सीरीज 1-1 से बराबरी पर खत्म हुई थी. इसके बाद भारत ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन इस बार इंग्लैंड ने पूरी तरह मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी. चौथे मैच में भी मेजबान टीम ने भारत को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और आसान जीत दर्ज कर सीरीज पर कब्जा कर लिया.

श्रेयस अय्यर के नाम जुड़ा अनचाहा रिकॉर्ड

भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए यह दौरा बेहद निराशाजनक साबित हुआ. उनकी कप्तानी में भारत लगातार पांच टी20 इंटरनेशनल मैच हारने वाला पहला भारतीय कप्तान बन गया. इससे पहले महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टीम लगातार चार मैच हारी थी लेकिन पांच हार का रिकॉर्ड पहली बार बना है. श्रेयस ने पिछले महीने आयरलैंड दौरे पर पहली बार टीम की कमान संभाली थी, जहां भारत 0-2 से सीरीज हार गया था. इसके बाद इंग्लैंड दौरे पर भी टीम जीत का खाता नहीं खोल सकी. भारत का पहला मैच बारिश की वजह से रद्द हुआ, जबकि बाकी मुकाबलों में टीम लगातार दबाव में नजर आई. लगातार हार के बाद कप्तानी और टीम के प्रदर्शन पर चर्चा तेज हो गई है.

अय्यर की शानदार पारी भी नहीं बचा सकी भारत

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 158 रन बनाए. कप्तान श्रेयस अय्यर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों में नाबाद 80 रन बनाए. उन्होंने अकेले दम पर भारतीय पारी को संभाला और शिवम दुबे के साथ अहम साझेदारी भी की. हालांकि बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके. जवाब में इंग्लैंड ने लक्ष्य सिर्फ 13.5 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया. कप्तान हैरी ब्रूक ने 35 गेंदों में नाबाद 79 रन बनाए, जबकि फिल साल्ट ने 59 रन की नाबाद पारी खेली. दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 146 रन की अटूट साझेदारी कर भारत की उम्मीदें पूरी तरह खत्म कर दीं. इस जीत के साथ इंग्लैंड ने सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली.