menu-icon
India Daily

'जन-जन की सरकार' अभियान का असर! हजारों लोगों को मिला योजनाओं का लाभ, मौके पर सुलझीं सैकड़ों शिकायतें

उत्तराखंड में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत आयोजित शिविरों में हजारों लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिला. बड़ी संख्या में शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर प्रशासन ने त्वरित समाधान का प्रयास किया.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
'जन-जन की सरकार' अभियान का असर! हजारों लोगों को मिला योजनाओं का लाभ, मौके पर सुलझीं सैकड़ों शिकायतें
Courtesy: social media

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रहे ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के अंतर्गत गुरुवार को प्रदेशभर में जनसेवा शिविर आयोजित किए गए. इन शिविरों में विभिन्न सरकारी विभागों ने नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही कई सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराईं.

प्रदेशभर में लगे जनसेवा शिविर

राज्य के कई जिलों में आयोजित शिविरों में स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, रोजगार, पेयजल और अन्य विभागों ने अपने स्टॉल लगाए. लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण, प्रमाण-पत्र, पेंशन, स्वरोजगार सहायता और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं. अधिकारियों ने शिविरों में पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर समाधान भी किया.

कई जिलों में शिकायतों का तत्काल निस्तारण

हरिद्वार, चम्पावत, टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, नैनीताल, चमोली और ऊधम सिंह नगर सहित विभिन्न जिलों में बड़ी संख्या में लोगों ने शिविरों में भाग लिया. नैनीताल के कोटाबाग में 510 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिला, जबकि कई पात्र लोगों को मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत आर्थिक सहायता और महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गई. अधिकांश स्थानों पर प्राप्त शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया.

सरकार ने जनकल्याण पर दिया जोर

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार प्रदेशभर में 2,366 से अधिक लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला. वहीं 389 से अधिक शिकायतें और आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 257 से ज्यादा मामलों का मौके पर समाधान किया गया. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रशासन को लोगों के द्वार तक पहुंचाना है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिक भी बिना परेशानी सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठा सकें.