menu-icon
India Daily

Aaj Ka Mausam: देशभर में मूसलाधार बारिश का कहर, कई राज्यों में अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने आने वाले 24 से 48 घंटों के लिए भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है. राज्य सरकारें और प्रशासनिक टीमें अलर्ट मोड पर हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
Aaj Ka Mausam: देशभर में मूसलाधार बारिश का कहर, कई राज्यों में अलर्ट जारी
Courtesy: Pinterest

Weather Update: इन दिनों देश के अधिकांश हिस्सों में मानसूनी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा है. कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश से सड़कें जलमग्न हो गई हैं, नदियां और नाले उफान पर हैं, और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं. उत्तर प्रदेश और बिहार में देर रात हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन जलभराव और यातायात बाधित होने से मुश्किलें भी बढ़ गई हैं.

दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, देश के कई हिस्सों में गरज, बिजली और तेज़ हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना है. इस बीच, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और पुडुचेरी में अलर्ट जारी कर दिया गया है.

भारी बारिश के आसार

दक्षिण के केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, तमिलनाडु और गोवा में भी भारी बारिश के आसार हैं. वहीं, उत्तर भारत के हिमाचल, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा के साथ-साथ मध्य प्रदेश, राजस्थान और बिहार के कुछ हिस्सों में भी बारिश के चलते हालात बिगड़ सकते हैं.

भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित

उत्तर भारत के कई इलाकों में सड़कें कट जाने और पुल क्षतिग्रस्त होने से यातायात बुरी तरह प्रभावित है. कांठ से नैनीताल जाने वाला मार्ग रामगंगा नदी के उफान से क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

यातायात व्यवस्था पर असर

मेरठ और बिजनौर हाईवे पर बैराज के पास पानी बढ़ने से सड़क कट गई थी, जिसके चलते घंटों यातायात रुका रहा. जैसे ही जलस्तर कम हुआ, प्रशासन ने मरम्मत कार्य शुरू कर सड़क को फिर से चालू किया.

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बारिश का असर

पूर्वोत्तर में कई स्थानों पर जलभराव से लोगों को अपने घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है. वहीं, दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में लगातार हो रही बारिश के कारण फसलों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है.

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग ने आने वाले 24 से 48 घंटों के लिए भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है. राज्य सरकारें और प्रशासनिक टीमें अलर्ट मोड पर हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके.