menu-icon
India Daily

दिल्ली में टिल्लू ताजपुरिया और गोगी गैंग के बीच गैंगवार, घर में घुसकर की अंधाधुंध फायरिंग; एक की मौत

पुलिस की शुरुआती जांच में यह मामला गैंगवार से जुड़ा हुआ नजर आ रहा है. बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार तीन हमलावर मौके पर पहुंचे और कई राउंड फायरिंग करने के बाद फरार हो गए.

Anuj
Edited By: Anuj
दिल्ली में टिल्लू ताजपुरिया और गोगी गैंग के बीच गैंगवार, घर में घुसकर की अंधाधुंध फायरिंग; एक की मौत
Courtesy: x

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के बवाना इलाके में देर शाम फायरिंग की गंभीर घटना सामने आई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हो गए. इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है और पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है.

जानकारी के मुताबिक, कुछ बदमाश एक घर में घुस गए और वहां अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दी. इस हमले में चार लोगों को गोली लगी. घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया. मृतक के पिता की हालत गंभीर बताई जा रही है.

10 साल का बच्चा हुआ घायल

इस घटना में एक 10 साल का बच्चा भी घायल हुआ है, जिसे पैर में गोली लगी. इसके अलावा घर के बाहर मौजूद एक अन्य व्यक्ति भी फायरिंग की चपेट में आ गया. अचानक हुई इस गोलीबारी से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. 

गैंगवार से जुड़ा मामला

पुलिस की शुरुआती जांच में यह मामला गैंगवार से जुड़ा हुआ नजर आ रहा है. बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार तीन हमलावर मौके पर पहुंचे और कई राउंड फायरिंग करने के बाद फरार हो गए. पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. 

'सख्त कार्रवाई की जाएगी'

जांच एजेंसियों को शक है कि यह हमला पुराने गैंग संघर्ष से जुड़ा हो सकता है. टिल्लू ताजपुरिया और गोगी गैंग के बीच पहले भी कई बार टकराव हो चुका है. हालांकि, इन गैंग्स के प्रमुख सदस्य अब जिंदा नहीं हैं, लेकिन उनके सहयोगी अब भी एक-दूसरे को निशाना बनाते रहते हैं. फिलहाल, पुलिस ने पूरे इलाके में गश्त बढ़ा दी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी.